आगरा(ब्यूरो)। नगर निगम के सदन की कार्यवाही सुबह करीब साढ़े बजे से मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में शुरू हुई। पार्षद बंटी माहौर ने फॉगिंग में हो रहे खेल पर जिम्मेदारों पर सवाल खड़े किए। कहा कि फॉगिंग के नाम पर रोज 700 लीटर तेल रोज खर्च किया जा रहा है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 62 हजार रुपए है लेकिन शहर में डेंगू और मलेरिया के केस बढ़ रहे हैं। तेल के नाम पर जिम्मेदार खेल कर रहे हैं।

फिर भी फैल रहा डेंगू-मलेरिया

नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि मामले की जांच करने के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की जाएगी। पार्षद यशपाल सिंह ने क्षेत्र में बिना काम हुए भुगतान की बात कही। पार्षद ने कहा कि ठेकेदार क्षेत्र में सिर्फ कार्य का बोर्ड लगाकर भुगतान करा लेते हैं। उन्होंने इसके सबूत भी सदन की डायस पर मेयर और नगरायुक्त के सामने रखे। कहा कि ठेकेदार की ओर से क्षेत्र में कराए गए कार्य के बिल के साथ पार्षद की ओर से कार्य पूरा होने का लेटर भी लगाया जाए। जिससे भ्रष्टाचार को रोका जा सके।

सफाई की समस्या नहीं हुई दूर
सफाई का मुद्दा इस बार भी नगर निगम में छाया रहा। नालियों की सफाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। पार्षद बंटी माहौर ने कहा कि क्षेत्र में लगे सफाई कर्मचारी अफसरों की गाड़ी चला रहे हैं। एसएफआई और सुपरवाइजर फील्ड में नहीं जाते हैं। वहीं एक अन्य पार्षद ने कहा कि उनके क्षेत्र से सभी सफाई कर्मी और सुपरवाइजर हटा लिए गए हैं।

बस में सफर तो फ्री हो
पार्षद यशपाल सिंह ने शहर में चल रहीं इलेक्ट्रिक बसों में पार्षदों के लिए सफर फ्री करने का प्रस्ताव पेश किया। जिस पर मेयर ने इस संबंध में शासन को पत्र लिखने की बात कही। इसके साथ ही इमरजेंसी, एसएन हॉस्पिटल, जिला अस्पताल, दीवानी, कलेक्ट्रेट व तहसील में पार्किंग पार्षदों के लिए फ्री करने की मांग की।

टोरेंट कर रही मनमानी
पार्षद प्रकाश केशवानी ने टोरंट पावर की ओर से बिना परमिशन की जा रही रोड कटिंग का मुद्दा उठाया। कहा कि इसके चलते निगम को करोड़ों रुपए की हानि होती है। कंपनी की ओर से रोड कटिंग करने पर तीन दिन में कार्रवाई करने की बात कही। बसपा पार्षद सुहैल कुरैशी ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि टोरेंट पॉवर की ओर से दादागिरी की जा रही है। मरम्मत के नाम पर भी खानापूर्ति की जाती है। इस पर रोक लगनी चाहिए। पार्षद शरद चौहान ने स्टाफ की कमी से जूझ रहे नगर निगम की स्थिति बयां की। जिस पर मेयर ने कहा कि इस संबंध में शासन को पत्र लिखा जाएगा।

आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बदलेगी पटल
पार्षद बद्री प्रसाद ने नगर निगम में कई वर्षों से एक ही पटल पर जमे हुए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का मुद्दा उठाया। कहा कि कई आउटसोर्सिंग कर्मचारी तो 10 साल से एक पटल पर जमे हैं। कर विभाग, निर्माण विभाग, प्रकाश विभाग, बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट, एमएंडटी, लेखा विभाग आदि ऑफिस में ये कार्य कर रहे हैं। जबकि तीन वर्ष में कर्मचारी की पटल में बदलाव करने के संबंध में शासनादेश भी है। इस संबंध में नगरायुक्त ने सात दिन में सभी विभागों को कर्मचारियों की लिस्ट तैयार करने के निर्देश दिए।

'सीता वाटिका' के नाम पर हंगामा
सदन में कोठी मीना बाजार का नाम बदलकर 'सीता वाटिकाÓ रखने की मांग की। इसका बसपा पार्षद सुहैल कुरैशी ने विरोध किया। कहा कि वह सभी की भावनाओं की कद्र करते हैं, लेकिन इसे धार्मिक रंग दिया जा रहा है। इस दौरान बसपा और भाजपा पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। डायस से अपर नगरायुक्त एसपी यादव ने कहा कि कोठी मीना बाजार नगर निगम की संपत्ति नहीं है।

वर्कऑर्डर क्यों नहीं होते
पार्षद गौरव शर्मा ने वर्कऑर्डर में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि टेंडर होने के बाद भी ठेकेदार कार्य शुरू नहीं करता। जब उससे पूछा जाता है तो वह बताता कि वर्कऑर्डर नहीं हुआ है। इसकी समय अवधि तय करने के लिए कहा गया। पार्षद भरत शर्मा ने दयालबाग में वर्ष 2011-12 में डाली गई सीवर लाइन के धंसने का मुद्दा उठाया। मेयर ने इसे दो दिन में रिपेयर कराने के निर्देश दिए। पार्षद रवि विहारी ने कहा कि कैंटोनमेंट क्षेत्र की साफ-सफाई और अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी निगम को नहीं उठानी चाहिए। ये कार्य कैंटोनमेंट विभाग को खुद करना चाहिए।

'न खाऊंगा न खाने दूंगा' पर भड़के भाजपाई
बसपा पार्षद बंटी माहौर ने सदन में फॉगिंग के नाम पर हो रहे खेल पर चर्चा के दौरान जैसे ही न खाऊंगा न खाने दूंगा, मैं चौकीदार हूं का उल्लेख किया, भाजपा दल से पार्षद भड़क उठे। पार्षद शरद चौहान, अनुराग चतुर्वेदी, राकेश चौहान ने इसका विरोध करते हुए प्रस्ताव पेश करने वाले पार्षद से प्रस्ताव पर बात करने की बात कही। इस दौरान सदन में जमकर हंगामा हुआ। मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगे।

सदन में हुए महत्वपूर्ण निर्णय
- जिन क्षेत्रों में भी नजूल, निगम की भूमि है उसकी तारबंदी कराई जाएगी।
- शहर में सीवर लाइन डालने वाली कंपनी मनीषा प्रोजेक्ट्स पर कार्रवाई हो। इस संबंध में जल निगम और शासन को लेटर लिखा जाएगा।
- परिसीमन के बाद वार्ड के नक्शे पार्षदों को दिए जाएं। जिससे क्षेत्र का निर्धारण करने में परेशानी न हो।
- वार्ड 82 के इस्लाम नगर में शहीद वीर अब्दुल हमीद के नाम से बने पार्क का सौंदर्यीकरण और मरम्मत कार्य तत्काल कराया जाए।
- वार्ड 66 नवलगंज में स्थित गांधी आश्रम से असामाजिक तत्वों को हटाने के लिए संबंधित थाने को पत्र लिखा जाए। पार्षद इस आश्रम की केयर टेकर होंगी।
- नगर निगम के केयर टेकर विभाग के गेस्ट हाउस में तीन दिन से अधिक रुकने पर अब 500 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से शुल्क लगेगा।
- नगर निगम में पेड़ों की छंटाई के लिए एक अलग विभाग बनाया जाए।


एक रोड का दो बार हो जाता है टेंडर
पार्षद हेमंत प्रजापति ने कहा कि एक रोड का दो बार टेंडर हो जाता है। पूर्व में ऐसा मामला पकड़ में भी आ चुका है। इसलिए जरूरी है कि टेंडर की पूरी डिटेल समाचार पत्र में प्रकाशित की जाए। उन्होंने सदन में अन्य विभागों के प्रकाशित टेंडर भी दिखाए। पार्षद ने कहा कि इससे पारदर्शिता आएगी। जनता को पता लग सकेगा कि कौन से कार्य हो रहे हैं।

कई प्रस्ताव हुए कैंसिल
सदन में कई प्रस्ताव निरस्त कर दिए गए। ये वो प्रस्ताव थे, जिनकी भाषा ठीक नहीं थी। इनमें से अधिकतर प्रस्ताव नए पार्षदों की ओर से लाए गए थे। लेकिन सदन की भाषा के अनुरूप नहीं होने के चलते इन निरस्त कर दिया गया।

शहर में फॉगिंग की स्थिति
100 वार्ड
700 लीटर डीजल का रोज यूज
62 हजार रुपए रोज डीजल की कीमत
14 टेंपो लगे हैं फॉगिंग में

नोट::निगम के सदन में पेश आंकड़े।