दिन और रात के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस का अंतर, अधिकतम

तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, न्यूनतम में भी गिरावट, गर्मी से मिली राहत

आगरा। मानसून की रिमझिम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। सोमवार को सुबह से ही बूंदाबांदी हुई, इससे दिन और रात के तापमान में महज दो डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया.सुबह से ही बादल छाने के साथ बूंदाबांदी होने लगी, सुबह 11 बजे दयालबाग, कमला नगर और एमजी रोड पर तेज बारिश हुई। इसके बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। दिनभर रिमझिम बारिश होती रही और बादल छाए रहे। लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल गई और मौसम खुशनुमा हो गया। इससे अधिकतम तापमान सामान्य 34 डिग्री सेल्सियस से छह डिग्री सेल्सियस कम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस कम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया। यह अंतर सामान्य दिनों में 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक रहता है। 24 घंटे में 10.9 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।

नहीं निकली धूप, तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट

गर्मी और उमस के बीच तेज धूप से लोग परेशान थे। मगर, सुबह से ही बूंदाबांदी होने से दिन में धूप नहीं निकली। वहीं, रात को मौसम बदल गया और तेज हवा चलने लगी। अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था, यह 12 डिग्री सेल्सियस कम 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

23 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को बादल छाए रहने के साथ बारिश होगी। मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 24 और 25 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे और बारिश हो सकती है।

अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान

19 जुलाई, 28.4, 26.6

18 जुलाई, 35.6, 28.4

17 जुलाई, 40.3, 30

16 जुलाई, 41, 29.4

15 जुलाई 39.3, 29