- तारघर के मैदान में हो रहा था कार्यक्रम

- भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने किया था ट्रैक्टर पूजन

- सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे थे किसान

- कृषि बिल के समर्थन में की गई रैली

आगरा। तारघर मैदान में हाल ही पास हुए कृषि बिल के समर्थन में आयोजित रैली में तेज स्पीड में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे मैदान में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी के माहौल के बीच कुछ लोग आवाज लगाते हुए घटना स्थल की ओर दौडे़। हालांकि बाद में युवा किसानों की भीड़ ने उसे सीधा कर दिया। इसके बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। इसके बाद ही भाजपा के सांसद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के उद्बोधन का कार्यक्रम शुरू हो सका।

तारघर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान

मंगलवार को माल रोड स्थित तारघर मैदान में भाजपा के सांसद और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के नेतृत्व में किसान रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे जिले से सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टरों को लेकर तारघर मैदान में पहुंचे। ट्रैक्टरों की भीड़ से माल रोड का आवागमन भी ठप हो गया।

बुन्दु कटरा पुलिस चौकी पर रोके टैक्टर

पुलिस ने तारघर मैदान में किसान रैली में शामिल होने से जा रहे दो दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टरों का रोक लिया। इस पर किसानों ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को मामले से अवगत कराया। इसके बाद मौके पर सीओ सदर और पुलिस पहुंच गई। उन्हें बताया कि ज्यादा भीड़ न हो इसके लिए उन्हें रोका गया है।

नियमों की उड़ी धज्जियां

कोविड 19 को लेकर इस समय शासन और जिला स्तर से गाइडलाइन जारी की गई हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों पर फिलहाल रोक लगाई गई है। कहीं पर भी ज्यादा भीड़ को एकत्रित नहीं होने दिया जा रहा है। इसके बावजूद तारघर मैदान में आयोजित किसान रैली में नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। काफी संख्या में यहा किसान एकजुट हो गए और लोग बिना मास्क और सोशल डिस्टेंस के ही नजर आए। भाजपा नेताओं ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। इससे संक्रमण फैलने की संभावना है।