आगरा(ब्यूरो)। ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में व्यापार करने वाले कुनाल अग्रवाल ने बताया कि जैसे ही हमने खबर सुनी कि सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है, वैसे ही शरीर में एक अलग ही ऊर्जा उत्पन्न हो गई। सभी साथी खुशी के मारे नाचने लगे। थोड़ी ही देर में ढोल-नगाड़े बजने लगे। लोग अपने घरों से निकलकर नाचने लगे। खूब आतिशबाजी होने लगी। ताजगंज में व्यापारियों ने जुलूस निकाला।

टीम का हुआ स्वागत
दिनभर हुए सेलिब्रेशन के बाद शाम को दिल्ली से आगरा सुप्रीम कोर्ट में पैरवी कर रही व्यापारियों की टीम पहुंच गई। उनका धूम-धाम से स्वागत हुआ। उन्हें मालाएं पहनाई गईं। उनके सिर पर व्यापारियों ने जीत का सेहरा बांधा। ताजगंज डवलपमेंट फाउंडेशन के प्रेसिडेंट नितिन सिंह ने बताया कि यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण पल हैैं। सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत से लाखों लोगों के घर चूल्हा बुझने से बच जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारियों के लिए उनका व्यापार महत्वपूर्ण होता है। अब वह फिर से अपना व्यापार कर पाएंगे।


ताज के पूर्वी गेट पर सेलिब्रेशन
सुप्रीम फैसले के बाद यूं तो हर ताजगंजवासी का मन प्रफुल्लित था, हर जगह सेलिब्रेशन हो रहा था। लेकिन सभी लोग ताजमहल के पूर्वी गेट पर एकत्रित हो रहे थे। यहां पर दोपहर से रात तक खूब सेलिब्रेशन हुआ। खूब-नाचना गाना हुआ। इसके बाद देर रात तक यहां पर मीटिंग चलती रही।

यह रहे हीरो
ताज के 500 मीटर के दायरे के भीतर जब व्यापार करने का सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया। तब सभी व्यपारी घबरा गए। उस वक्त व्यापारियों ने निष्कर्ष निकाला कि सुप्रीम कोर्ट से ही उन्हें राहत मिलेगी। इसके बाद में ताजगंज वेलफेयर फाउंडेशन बनाई गई। इसकी प्रेसिडेंट शालिनी शर्मा, सेक्रेटरी संदीप अरोड़ा, सदस्य नितिन सिंह, सचिन बंसल, अंकित बंसल ने कोर्ट में पैरवी के लिए खूब दौड़ लगाई। सही मायने में यह इस प्रकरण के हीरो साबित हुए।

यह हमारे लिए खुशी के क्षण हैैं। हमारे लिए रोजी-रोटी सब कुछ है। अब हम पहले की तरह व्यापार कर पाएंगे।
- कुनाल अग्रवाल, व्यापारी

जैसे ही दिल्ली से खबर मिली। ताजगंज में अचानक उत्सव का माहौल हो गया। हमें सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है।
- अमित अग्रवाल, व्यापारी

मैैं कई दशक से यहां पर व्यापार कर रहा हूं। यदि राहत नहीं मिलती तो जमा-जमाया व्यापार चौपट हो सकता था। बुधवार को आया फैसला राहत लेकर आया है।
- मयंक अग्रवाल, व्यापारी

एडीए का नोटिस मिलने के बाद काफी मायूसी छा गई थी। व्यापार बंद होने का डर सताने लगा था। अब काफी खुशी महसूस हो रही है।
- राकेश बघेल, व्यापारी

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से ताजगंज के 500 मीटर के दायरे के व्यापारियों को तो राहत मिलेगी ही। आगरा के टूरिज्म को भी इससे राहत मिलेगी।
- संदीप अरोड़ा, सेक्रेटरी, ताजगंज वेलफेयर फाउंडेशन