आगरा: वट सावित्री पर्व के अवसर पर गुरुवार को सुहागिनों ने वट वृक्षों की पूजा की। व्रत रखकर अपने परिजन के दीर्घायु होने की कामना की। कॉलोनियों, मंदिरों और घरों में लगे वट वृक्षों पर पहुंची महिलाओं ने सबके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने

अपने घरों में गमलों व घरों के आसपास बरगद के पौधे लगाए और उन्हें सहेजने का संकल्प लिया।

कोविड प्रोटोकॉल का रा ध्यान

सुबह से ही मोहल्लों, कॉलोनियों और मंदिरों में वट वृक्षों के आसपास महिलाओं का जुटना शुरू हो गया था। दोपहर तक महिलाओं द्वारा वट वृक्ष की पूजा-अर्चना जारी रही। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए महिलाओं के द्वारा शारीरिक दूरी का पालन भी किया गया, हालांकि कुछ जगहों पर महिलाएं लापरवाही करती भी दिखीं। महिलाएं शीतला माता मंदिर भी पूजा के लिए पहुंचीं। वट सावित्री की पूजा अर्चना करने पहुंची रजनी ने कहा कि वट सावित्री पर्व पर वट वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। सुहागिन महिलाओं द्वारा यह पूजा की जाती है, जिसमें अधिक उम्र वाले वृक्ष की पूजा की जाने की परंपरा है। ऐसी मान्यता है कि जितने अधिक पुरानी वट वृक्ष की पूजा की जाती है, पति की आयु उतनी ही अधिक लंबी होती है। पूनम गुप्ता ने कहा कि जेठ माह में अमावस्या पर यह पूजा की जाती है। इस साल कोरोना के कारण ऑक्सीजन के लिए तड़पते अपनों को देखा है, इसलिए मैंने संकल्प लिया है कि ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाऊंगी जिससे प्राकृतिक ऑक्सीजन की कमी न हो।

विधि विधान से की पूजा

दादाबाड़ी की स्थापना के समय लगाए गए बरगद के पेड़ पर हर साल पूजा करने के लिए महिलाएं पहुंचती हैं। इस साल भी महिलाओं ने पूजा की। मंच के संयोजक सुनील कुमार जैन ने बताया कि महिलाएं स्वयं प्रेरणा से जैन दादाबाड़ी में वट वृक्ष की पूजा कर रही हैं। पूजा के लिए महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की जाती है। आसपास बरगद का कोई अन्य पेड़ नहीं है। यहां आने वाली रश्मि अग्रवाल ने बताया कि उनकी सास भी यहां पूजा करने आती थीं। दादाबाड़ी ट्रस्ट के महेंद्र जैन और विमल जैन ने बताया कि कोरोना काल में शारीरिक दूरी का पालन भी करवाया जाता है। पा‌र्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी में सुहागिनों ने अपने अखंड सौभाग्य के लिए व्रत रख कर पूजा अर्चना की। पंडित गिरीश उपाध्याय ने विधि विधान से कथा सुनाई। इस दौरान डॉ। सुमन अग्रवाल, स्वाति मेहंदीरत्ता, गीता आहुजा, भक्ति गोयल, संध्या श्रीवास्तव, सोनल अग्रवाल, स्वर्णनिमा, संस्कृति, पूनम मिश्रा, ज्योति शर्मा, रेखा आदि ने पूजा की।