- गलन भरी ठंड के साथ अधिकतम तापमान आठ डिग्री नीचे पहुंचा

- बुधवार को छा सकता है कोहरा, अभी और गिरेगा तापमान

आगरा। सर्द हवाओं के साथ गलन ने लोगों को परेशान कर दिया है। मंगलवार को पारा सोमवार की तुलना में ढाई डिग्री और नीचे खिसक गया। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम रहा। दिन भर लोग ठंड से कांपते रहे। धूप में भी लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने बुधवार को कोहरा छाने की आशंका जताई है।

मंगलवार हल्की धुंध के साथ दिन की शुरुआत हुई। सर्द हवा के चलते लोग घर में ही दुबके रहे। दोपहर 12 बजे के बाद धूप निकली, लेकिन सर्द हवा चलती रही। धूप निकलने के बाद भी सर्दी से राहत नहीं मिली। गलन भरी सर्दी से लोगों का हाल खराब रहा। आलम यह रहा है कि घर और कार्यालय में लोगों को हीटर का सहारा लेना पड़ा। सर्दी की चलते सड़कों पर भी कम लोग दिखाई दिए। शाम को सर्द हवा तेज हो गई, रात में शीत लहर से सर्दी चुभने लगी। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम 15.8 दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार सुबह कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर में धूप निकलेगी, लेकिन गलन भरी सर्दी से तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। 22 दिसंबर तक तापमान में गिरावट आएगी।

आगरा का अधिकतम तापमान

13 दिसंबर - 19.8 डिग्री

14 दिसंबर - 18.4 डिग्री

15 दिसंबर - 19.8 डिग्री

16 दिसंबर - 17.2 डिग्री

17 दिसंबर - 15.8 डिग्री