आगरा। आगरा में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के तेवर तल्ख रहे। उन्होंने अच्छे दिनों का वादा करने वाली सरकार पर हमला बोला। नेताद्वय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ की राजनीति करते हैं। प्रधानमंत्री ने जनता से वादा किया था कि प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये आएंगे। क्या किसी के खाते में आए हैं। प्रधानमंत्री तो देश के पांच बडे़ घरानों के लिए काम करते हैं। उन्हें देश और जनता की कोई चिंता नहीं है। झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का कार्य किया जा रहा है।

भाजपा और आरएसएस को भगाना होगा

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें आने वाले वर्षो में पूरा किया जाएगा। उन्होंने अखिलेश यादव की तारीफ की। कहा कि सीएम रहते अखिलेश ने प्रदेश में विकास कराया है। अगर जनता ने फिर मौका दिया तो हम मिलकर यूपी में विकास कराएंगे। यूपी में इतना विकास होगा कि पहचान भी नहीं पाओगे। अगर प्रदेश का विकास चाहते हो तो भाजपा और आरएसएस को भगाना होगा। मोदी और भाजपा जहां भी जाते हैं वहां पर दंगा कराते हैं, लेकिन हम सभी धर्मो को साथ लेकर चलते हैं। सुलह की बात करते हैं।

क्या अमीर लाइन में लगे

राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी से केवल गरीब और किसान ही परेशान हुए हैं। देश के जिन पांच परिवारों के लिए प्रधानमंत्री कार्य कर रहे हैं, उन्हें लाइन में लगते हुए किसी ने देखा है। उन्होंने कहा कि उनका नाम नहीं लेना चाहता। यह कहते हुए उन्होंने कहा कि अडानी और अम्बानी के लिए काम करते हैं। यूपी के दो युवा साथ आए हैं। निश्चित तौर पर प्रदेश का विकास होगा।

बजट में किसानों और गरीबों को क्या मिला?

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में मोदी सरकार ने बजट पेश किया है। उसमें किसानों और गरीबों को क्या मिला है। उन्होंने कहा कि बजट केवल अमीरों के हितों को देखते हुए पेश किया गया है। पूरे बजट में किसानों को कुछ भी नहीं दिया गया है। उन्होंने बजट को किसान और गरीब विरोधी बताया।

राहुल जी का धन्यवाद देना चाहता हूं।

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी का यह कहते हुए धन्यवाद व्यक्त किया कि वे इस ऐतिहासिक रैली का हिस्सा बने हैं। राहुल गांधी के अलावा मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण का यह रोड शो है। यहां पर जुटा जनसैलाब आने वाले चरण के लिए एक अच्छा साबित होगा। मुख्यमंत्री ने रोड शो को ऐतिहासिक रोड शो बताया।

बसपा की बात नहीं करना चाहते

मुख्यमंत्री ने कहा कि बसपा की बात करना बेकार है। बसपा इस चुनाव में मैदान से बाहर है। बसपा कहीं पर भी लड़ाई में नहीं है। बसपा को प्रदेश की जनता देख चुकी है। अब उसे जनता भुला चुकी है। भाजपा सपा और कांग्रेस के गठबंधन के बाद काफी पीछे जा चुकी है।