-वीआईपी लोगों को लिया कोरोनावायरस ने अपनी चपेट में

-आम लोगों में भी तेजी से फैल रहा है संक्रमण

आगरा। आगरा में कोरोनावायरस का संक्रमण अब वीआईपी लोगों और उनके घरों तक पहुंचने लगा है। पिछले चार महीनों से लगातार डेली कोरोनावायरस के नये केस मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी 30 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इसमें कमिश्नर के पिता में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसी के साथ आगरा में कुल संक्रमितों की संख्या 2031 हो गई है। वहीं शुक्रवार को 25 कोविड-19 के उपचाराधीन पेशेंट्स के ठीक होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज किया गया। अब तक आगरा में 80.31 परसेंट की रिकवरी रेट के साथ 1631 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं। अब तक 101 संक्रमितों की मौत हो चुकी है और अब जिले में 299 पेशेंट्स का इलाज चल रहा है। अब जिले में 121 कंटेनमेंट जोन हैं। अब तक 253 कंटेनमेंट जोन बंद किये जा चुके हैं। वहीं शुक्रवार को 1607 कोरोना सैंपल लिये गये। जिले में अब तक 62692 सैंपल लिये गये हैं। शुक्रवार को बल्केश्वर, न्यू शाहगंज, सिकंदरा, अयोध्यापुरम देवरी रोड, कमला नगर, बोदला, गढ़ी भदौरिया से संक्रमित मिले हैं।

कोरोना ने आगरा की बड़ी हस्तियों को लिया अपनी चपेट में

कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण से अब आगरा की बड़ी हस्तियां भी नहीं बच सकी हैं। सबसे पहले आगरा के विधायक के परिवार में कोरोनावायरस के संक्रमण ने दस्तक दी और उनकी विधायक सहित पूरी फैमिली को संक्रमण हो गया। फिलहाल उनकी फैमिली हॉस्पिटल में इलाज करा रही है। इसके बाद एक अन्य विधायक की पुत्रवधु और अन्य फैमिली मेंबर्स में कोरोनावायरस का संक्रमण हो गया। इसके पश्चात सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ। संजय काला को भी कोरोना का संक्रमण हो गया। पिछले दिनों सांसद की पत्नी में भी कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टु हुई। सांसद व उनके बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आई है। आगरा के प्रशासनिक अधिकारी की मां को भी संक्रमित हो गई। अब उनके पिता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। उनके आवास और कार्यालय में भी चालक, लिपिक सहित अन्य कर्मचारियों में भी संक्रमण मिल चुका है। इसके अतिरिक्त 10 अन्य प्रशासनिक अधिकारियों में भी संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।

ये वीआईपी हो चुके हैं संक्रमित

-वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पैरेंट्स

-सांसद की पत्नी

-विधायक व उनका परिवार

-राज्यमंत्री की पुत्रवधु व उनके परिवारीजन

-एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल

-अन्य 10 सरकारी विभागों के कर्मचारी

शुक्रवार को 30 लोगों में कोरोनावायरस का संक्रमण मिला है। अब कुल संक्रमितों की संख्या 2031 हो गई है। 25 संक्रमितों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है। अब तक 1631 पेशेंट्स ठीक हो चुके हैं। जिले में अब 299 एक्टिव पेशेंट्स का इलाज चल रहा है।

-प्रभु एन। सिंह, जिलाधिकारी आगरा