- जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स परिसर में शुक्रवार सुबह 28 इंच की पानी की लाइन में हुआ लीकेज

- लाइन की मरम्मत में जल संस्थान की टीम की फूली सांस, जेसीबी से तोड़ना पड़ा डक्ट

आगरा। शहर की जलापूर्ति में सुधार नहीं आ रहा है। शुक्रवार सुबह सात बजे जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स परिसर में 28 इंच की पाइप लाइन में लीकेज हो गया। यह लाइन 25 साल पुरानी है। 28 इंच की लाइन में लीकेज के चलते आधे यमुनापार और पुराने शहर में जलापूर्ति ठप हो गई। इस लाइन के ठीक ऊपर से आगरा स्मार्ट सिटी प्रा। लि। की 1200 एमएम की लाइन गुजरी है। इसके चलते डक्ट बनाया गया है। जल संस्थान की टीम को लाइन की मरम्मत में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर से लाइन की मरम्मत शुरू हुई। जगह न मिल पाने के कारण तीन घंटे तक काम बंद रहा। रात में जेसीबी से डक्ट तोड़ा गया। इसके चलते शनिवार सुबह भी संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं होगी। उधर, लोगों को पानी से बचाने के लिए जल संस्थान की टीम टैंकरों से पानी भेज रही है।

गंगाजल की सप्लाई भी होती है

जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से आधे शहर को जलापूर्ति होती है। इसकी क्षमता 225 एमएलडी की है। वर्तमान में वाटरव‌र्क्स को 135 एमएलडी पर चलाया जा रहा है। गंगाजल की आपूर्ति की जाती है। गंगाजल की कमी होने पर यमुनाजल की आपूर्ति होती है। वाटरव‌र्क्स से 28 इंच की चार लाइनें गुजरी हैं। इसमें से एक लाइन पुराने शहर और आधे यमुनापार को पानी की आपूर्ति करती है। शुक्रवार सुबह सात बजे लाइन में लीकेज हो गया। इससे लाखों लीटर पानी बहने लगा। यह देखकर जल संस्थान की टीम ने एक पंप को बंद कर दिया। इससे आधे यमुनापार और पुराने शहर में जलापूर्ति ठप हो गई।

हैंडपंप पड़े हैं खराब

पीपलमंडी, कालामहल, बेलनगंज, सुभाष बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। शिकायतों के बाद भी हैंडपंपों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।

स्मार्ट सिटी प्रशासन की लापरवाही

पार्षद रवि माथुर का कहना है कि स्मार्ट सिटी प्रशासन की लापरवाही के चलते 28 इंच की लाइन की मरम्मत समय पर शुरू नहीं हो सकी है। डक्ट तोड़ने में चार घंटे का समय लगा है।

लाइन के ठीक ऊपर से स्मार्ट सिटी की 1200 एमएम की लाइन गुजरी है। इससे मरम्मत में दिक्कत आ रही है। रविवार दोपहर तक मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

एसके श्रीवास्तव, सचिव, जलकल

यहां रहेगी समस्या

गधापाड़ा

काला महल

पीपलमंडी

बेलनगंज

छीपीटोला

नौलक्खा

ताजगंज