-पानी में गंदगी से पनप रहे मच्छर और बढ़ रहा बीमारी का खतरा

आगरा। यमुनापार क्षेत्र के प्रकाश नगर के वार्ड 65 में रहने वाले स्थानीय लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र में बदहाल सड़कें स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हैं। स्थानीय इलाके में अधिकतर सड़कें जर्जर बनी हैं। इससे आवागमन में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं, इसके चलते जलभराव के हालात पैदा हो जाते हैं। जिससे मच्छर और कीड़े पनप जाते हैं, इससे इलाके मे संक्रमण का खतरा बना रहता है। स्थानीय पार्षद पति से शिकायत के बाद भी हालात जस के तस बने हैं।

नरकीय हैं हालात

एत्माद़दौला थाना क्षेत्र यमुनापार के वार्ड 65 में रोड और सड़कें बदहाल हालत में हैं। वहीं यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर जर्जर सड़कों पर घरों से निकला पानी जमा हो जाता है। इससे जलभराव के हालत बने रहते हैं। इससे यहां रहने वाले स्थानीय लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। सुबह होते ही स्थानीय लोग अपने घरों के सामने जमा पानी दूसरे के घर की ओर कर देते हैं, यह विवाद का कारण बन जाता है। स्थानीय व्यक्ति रोहित सागर का कहना है कि इसकी शिकायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि से की गई है, लेकिन वजट का हवाला देकर वह पल्ला झाड़ लेते हैं।

खाली प्लाटों में जमा गंदा पानी

वार्ड 65 के सुशील नगर में नालियां नहीं बनने से घरों का पानी खाली प्लॉटों में छोड़ा गया है। इससे जलभराव के हालात पैदा हो रहे हैं। ऐसे में घरों से निकलने वाले लोग मिट्टी की सड्कों पर फिसल कर घायल हो जाते हैं। खाली प्लॉटों में जमा पानी बीमारी का कारण बन रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदबू के कारण बुरा हाल है। स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा क्षेत्र के लोगों के साथ कई बार निरीक्षण किया गया है। इस संबंध में एक प्रार्थनापत्र नगर निगम में भेजा गया है।

तीन हजार से अधिक आबादी

यमुनापार के वार्ड 65 में प्रकाश नगर क्षेत्र में तीन हजार से अधिक लोगों की आबादी है, अधिकतर रहने वाले लोग आसपास के ग्रामीण इलाकों से हैं। यहां कभी खेत हुआ करते थे, वर्तमान में यह इलाका पूरी तरह से रिहायशी बन गया है। लेकिन अभी तक रोड, सड़क नहीं बनने से यहां के लोग नíकय जीवन जीने को मजबूर हैं। स्थानीय पार्षद पति अरविंद मथुरिया को प्रार्थना पत्र दिया गया है, लेकिन हालात पुराने हैं।

एक दशक पहले से सड़क और रोड को लेकर क्षेत्रीय लोग प्रयासरत हैं। ऐसे में चुनाव आने पर जनप्रतिनिधि सतर्क होकर क्षेत्र में भ्रमण कर बडे-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जीतने के बाद दिखाई तक नहीं देते है। हालात जग जाहिर हैं।

चेतन शर्मा, स्थानीय व्यक्ति

घरों से निकला पानी लोगो ने खाली प्लॉट में छोड़ दिया है। इससे जमा गंदा पानी बीमारी का कारण बन रहा है। ऐसे में आसपास के बुजुर्ग और बच्चों को खासी परेशानी रहती है। ऐसे में नगर निगम को ध्यान देना होगा, जिससे समस्या से निजात मिल सके।

राजेश तोमर, सुशील नगर

सड़क निर्माण को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं की गई है। अधिकारी कभी बजट तो कभी शासनस्तर निर्माण कार्य रोकने का हवाला देते हैं, लेकिन सुनवाई नहीं की जाती है।

राजू, प्रकाश नगर

पार्षद की मंशा क्षेत्र में निर्माण कार्य की है, लेकिन अधिकारियों की मंशा का पता नहीं है। कई बार दर्जनों लोग अपनी शिकायत लेकर नगर निगम गए हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है।

नितिन, प्रकाश नगर

क्षेत्र की सड़कों की फाइल बन चुकी है। मेयर मिलने के लिए समय नहीं दे रहे हैं। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों के साथ मिलकर धरना प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। रोड निर्माण के दर्जनों एप्लीकेशन दी गई हैं, लेकिन अधिकारियों के पास मिलना तो दूर बात करने का भी समय नहीं है। हम पूरी तरह से जनता के साथ है।

अरविंद मथुरिया, पार्षद पति