आगरा। 'मेरे चाचा ने मेरी मां को गला घोंटकर मार डाला'। आठ साल का अरूण और छह साल के आयुष चीख-चीखकर ये बात कह रहे हैं। मर्डर की ये कहानी सुनकर खुद पुलिस भी हैरत में है। परिवार खामोश है, पर मासूम के बयान चाचा पर लग रहे आरोपों की पुष्टि कर रहे हैं। जी, हां, हम बात कर रहे हैं थाना सिकंदरा के रूनकता स्थित लौह करेरा की। जहां एक महिला की हत्या मासूम के सामने उसी के देवर ने बेरहमी से गला घोंटकर कर दी। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

सगी बहनों की हुई थी शादी

ओलैंडा फतेहपुर सीकरी निवासी 32 वर्षीय ममता देवी की शादी लोह करेरा निवासी राजू से पुत्र प्रेम सिंह से हुई थी। राजू गाड़ी चलाता है। ममता की बड़ी बहन सुनीता की शादी उसके जेठ संजय के साथ हुई थी। सुनीता छोटी बहन के घर से तीस किमी। दूर रहती है। ममता के तीन बच्चे 8 वर्षीय अरुण, 6 वर्षीय आयुश, 4 वर्षीय रिचा हैं। यहां पर वह अपने पति व देवर अनिल उर्फ बन्नो के साथ रहती है। देवर अभी पढ़ाई कर रहा है।

सूचना दी कि फांसी लगाई महिला ने

शनिवार को पति गाड़ी लेकर बाहर गया था। घर में ममता अपने बच्चों व देवर के साथ थी। रात में किसी बात पर देवर-भाभी में विवाद हो गया। शोर सुनकर आयुश की आंख खुल गई। चाचा को मारपीट करते देख वह रोने लगा। इससे अरुण भी जाग गया। अरुण ने बताया कि छोटे भाई की आवाज सुन वह उठ गया। उसने देखा कि उसका चाचा मां का गला दबा रहा है। वह भी रोने लगा। बाद में मां मर गई और चाचा भाग गए। इधर मौके पर पहुंचे मायका पक्ष ने बताया कि अनिल उर्फ बन्नो ने फोन कर बताया था कि ममता ने फांसी लगा ली है।

पति समेत आठ नामजद

मायका पक्ष के लोग जब घर पहुंचे तो उन्हें ससुरालीजन गायब मिले। बेटी का शव पड़ा मिला। मायका पक्ष का कहना था कि उन्हें आशंका है देवर ने कुछ गलत करने का प्रयास किया हो, जिसके विरोध में बेटी को मौत के घाट उतार दिया। उनकी बेटी को ससुरालियों ने पीट-पीट कर मौत के घाट उतारा है। उसका सिर भी फटा हुआ था। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या में पति, देवर सहित आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

हत्यारे ने खुद दी खबर

इस केस में एक खास बात ये भी है कि हत्यारे ने खुद फोन कर उसके मायके मौत की सूचना दी। वारदात को अंजाम देकर वह फरार हो गया। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही शव को लोगों ने नीचे उतार लिया। पुलिस हत्यारों की तलाश कर रही है।