आगरा(ब्यूरो) । ये बातें एमएलसी एवं पूर्व डिप्टी सीएम डॉ। दिनेश शर्मा ने कहीं। वह शुक्रवार को भाजपा महानगर महिला मोर्चा के बैनर तले महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता के नॉर्थ विजय नगर कॉलोनी स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से कहीं। यहां ताजनगरी की मातृशक्ति द्वारा पूर्व डिप्टी सीएम का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया गया।

योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार ने मातृशक्ति के हितों और अस्मिता का ख्याल रखते हुए उनके लिए आवास, शौचालय, गैस सिलेंडर और आटे के इंतजाम समेत सभी जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मुहैया कराया है। पहले की सरकारों में जहां शाम ढलते ही घर से निकलने में अपहरण और लूट का डर लगता था, वहीं आज देश और प्रदेश में महिलाएं अपने को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रही हैं। अब समय आ गया है कि महिलाएं देश का निर्माण करने के लिए कदम बढ़ाएं। घर घर जाएं और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों की विकास की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं। नगर निकाय के साथ-साथ आने वाले लोकसभा चुनाव में कमल का फूल खिलाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दोबारा भारी बहुमत से विजयी बनाएं। भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता एवं उनकी टीम ने डॉ। दिनेश शर्मा को चांदी का मुकुट और राम दरबार की भव्य प्रतिमा भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया। सेवा आगरा के संस्थापक अध्यक्ष मुरारीलाल गोयल पेंट, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री राकेश गर्ग, नितेश अग्रवाल सर्राफ, अमित गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, भरत शर्मा, आशा अग्रवाल, भावना शर्मा, रेखा शर्मा, भावना तैलंग शर्मा, श्वेता माहेश्वरी, प्रीति चौहान, अनामिका मिश्रा, मीरा कुशवाह आदि ने भी डिप्टी सीएम का स्वागत किया।

प्रदेश के संग बदल रहा आगरा
डॉ। दिनेश शर्मा ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक वन माफिया का बोलबाला था, वहीं आज उत्तर प्रदेश में वन डिस्ट्रिक वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक वन प्रोडक्ट का नारा चल रहा है। ऐतिहासिक इमारतों का जीर्णोद्धार चल रहा है। बड़े-बड़े एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। इस क्रम में आज आगरा भी बदल रहा है। जिले की दिशा और दशा बदली है। मेट्रो का निर्माण कार्य तेजी की ओर है। हॉस्पिटल की हालतों में भी सुधार हुआ है। आज उत्तर प्रदेश शिक्षा और स्वास्थ्य का हब बन गया है। उत्तर प्रदेश में 33 लाख करोड़ रुपए का इन्वेस्टमेंट हुआ है। उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बनकर उभरा है। यूपी में सुरक्षा, विकास, रोजगार सृजन और उद्योगों के लिए अच्छा माहौल बना है। योगी बाबा का डंका पूरे देश में बोल रहा है।

विकास के लिए कुर्ता-पायजामा दोनों जरूरी
डॉ। दिनेश शर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के वक्तव्य को याद करते हुए बताया कि वे अक्सर कहा करते थे कि विकास के लिए कुर्ता पायजामा दोनों जरूरी हैं। कुर्ता के माने लोकसभा और विधानसभा और पायजामा यानी नगर निगम। इसलिए अब धर्म जाति से ऊपर उठकर भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। उन्होंने समझाया कि प्रत्याशी कौन है, यह महत्वपूर्ण नहीं है क्योंकि बीजेपी का प्रत्याशी कमल का फूल है। यही कमल का फूल नगर निगम और केंद्र में खिलाना है।