आगरा(ब्यूरो)। मेयर ने कहा कि ताज महोत्सव के दौरान 27 फरवरी तक नगर निगम की ओर से एत्माद्दौला व्यू पॉइंट पर हर शाम महाआरती हो रही हैै। उन्होंने बताया कि इस दौरान नगर निगम द्वारा महाआरती के साथ-साथ हनुमान चालीसा का पाठ और गोविंद भजन का भी आयोजन किया जा रहा है।

नदी को स्वच्छ बनाने में करें सहयोग
मेयर ने कहा कि हमारा देश सांस्कृतिक मान्यताओं वाला देश है, हमारी संस्कृति हमें समृद्धि की ओर ले जाने में मदद करती है। हमारी संस्कृति में यमुना नदी को मां का दर्जा दिया गया है। नगर निगम द्वारा ताज महोत्सव के दौरान यमुना महाआरती का आयोजन इसलिए भी कराया गया है, जिससे कि यहां पर शहरवासी आएं और यमुना नदी के महत्व को देखें और जानें। मेयर ने सभी शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने शहर के साथ-साथ यमुना नदी को भी स्वच्छ रखें। नदी में कूड़ा न डालें। यमुना जीवनदायिनी हैं।

विदेशी पर्यटक भी महाआरती देख हुए मंत्रमुग्ध
नगर निगम ने यमुना नदी की तलहटी में इसके लिए विशेष मंच बनवाया है, जहां पुरोहितों ने वाराणसी की तर्ज पर ही महाआरती की। इसके बाद यहां पर हनुमान चालीसा और गोविंद भजन का पाठ भी किया। यहां पर मौजूद देशी विदेशी पर्यटक सहित शहरवासी भक्ति में डूबे दिखे। बुधवार को महाआरती के दौरान अपर नगरायुक्त एसपी यादव आदि मौजूद रहे।