आगरा: यमुना किनारा रोड और पुरानी मंडी तिराहा से हावर्ड पार्क प्लाजा तक का सफर मुश्किल होने जा रहा है। एक अगस्त से डेढ़ माह के लिए इन दोनों रोड की एक-एक लेन बंद होने जा रही है। आगरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 1200 एमएम की पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यह कार्य एक अगस्त से 15 सितंबर तक चलेगा। ऐसे में दोनों रोड पर जाम लगने से इन्कार नहीं किया जा सकता है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस द्वारा अलग से इंतजाम किए जा रहे हैं।

बिछाई जा रही लाइन

आगरा स्मार्ट सिटी के तहत जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से ताजगंज तक 1200 एमएम की पाइप लाइन बिछाई जा रही है। यह लाइन 143 करोड़ रुपये से बिछ रही है। पहले चरण में जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से लेकर पुलिस चौकी तक, दूसरे चरण में पुरानी मंडी तिराहा से लेकर शाहजहां पार्क तक, तीसरे चरण में जीवनी मंडी पुलिस चौकी से लेकर वेदांत मंदिर तक और चौथे चरण में शाहजहां पार्क से झलकारी बाई तिराहा तक पाइप लाइन बिछ चुकी है। अब पांचवें चरण का कार्य शुरू होने जा रहा है। यमुना किनारा रोड स्थित वेदांत मंदिर से अंबेडकर पुल तक पाइप लाइन बिछेगी। इसके लिए 200 मीटर की एक लेन को बंद किया जाएगा। वहीं इस अवधि में पुरानी मंडी तिराहे से हावर्ड पार्क प्लाजा तक लाइन बिछाई जाएगी। इसकी भी एक लेन बंद होगी।

शुक्रवार को आगरा स्मार्ट सिटी और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों रोड का निरीक्षण किया। आगरा स्मार्ट सिटी प्रा। लि। के एक अधिकारी ने बताया कि अंबेडकर पुल से झलकारी बाई तिराहा तक दोनों लेन पर आवागमन संचालित होगा। इस रूट पर

रोडवेज की बसों का फिलहाल संचालन नहीं होगा, क्योंकि अंबेडकर पुल के पास मोड़ से होकर बसें नहीं गुजर सकेंगी।

15 दिनों के लिए बंद होगी दूसरी लेन

पुरानी मंडी तिराहे से हावर्ड पार्क प्लाजा की एक लेन डेढ़ माह के लिए बंद होगी, जबकि हावर्ड पार्क प्लाजा से पुरानी मंडी तिराहे की दूसरी लेन एक सितंबर से 15 सितंबर तक के लिए बंद होगी। पाइप लाइन को एक लेन से दूसरी लेन की तरफ बिछाया जाएगा। इससे इस रूट पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ेगा। जाम की स्थिति रहेगी।