आगरा। एंटी रोमियो स्क्वॉयड को लेकर सूबे भर में हल्ला मचा हुआ है। इस जागरुकता में कई निर्दोष भी परेशान हो रहे हैं। ऐसा ही मामला थाना सदर एरिया में पता चला। छात्र की पिटाई कर पुलिस को सौंपा और फेसबुक पर भी उसका फोटो अपडेट कर दिया।

दोनों की हुई थी टक्कर

घटना बुधवार सुबह की है। नंद सिनेमा के पास लोगों की भीड़ लगी थी। एक युवक भीड़ के बीच बैठा हुआ था। उस दौरान वहां से एक महाशय गुजरे। वह भी वहां पर पहुंच गए। इसके बाद युवक को शोहदा समझ कर तमाचे जड़ दिए। दो लड़कियां भी वहां पर मौजूद थी। इतना ही नहीं महाशय ने पिटाई के बाद छात्र का फोटो फेसबुक पर अपडेट कर किया और पूरा घटना क्रम भी लिख दिया। इन्होने लिखा कि युवक ने अपना नाम राहुल बताया लेकिन जब आईकार्ड देखा तो वह गैर समुदाय युवक निकला।

थाने में निकला दूसरा मामला

इसके बाद कंट्रोल रूम फोन कर पुलिस बुला ली और छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया। लड़कियों के परिजन भी थाने पहुंच गए। इंस्पेक्टर विनय कुमार मिश्र का कहना था कि मामला छेड़छाड़ का नहीं बल्कि दुर्घटना का है। छात्र अपनी बाइक से आ रहा था। लड़कियां वहां से निकल रही थी। उसकी बाइक टकरा गई इसी के बाद लोगों ने पकड़ लिया।

परिवार करेगा अधिकारियों से शिकायत

छात्र का परिवार थाने पहुंच गया। परिवार ने लड़कियों को चोट के इलाज के लिए खर्चा भी दिया इसके बाद दोनों पक्ष में समझौता हो गया। परिजनों का कहना था कि इस मामले में वह अधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनका कहना था कि उनके बेटे को पीटा गया और फेसबुक पर भी फोटो डाला गया।