प्रयागराज (ब्‍यूरो)। ज्योत्सना प्यार में फना हो गई। देवेंद्र और ज्योत्सना ने शायद ही कभी सोचा होगा कि उनकी मोहब्बत का ये अंजाम होगा। दोनों ने एक दूसरे को हद से ज्यादा चाहा। घरवालों के विरोध के बावजूद दोनों ने अपना रिश्ता खत्म नहीं किया। आखिरकार दोनों को अपनी मंजिल मिली, दोनों एक दूसरे के हो गए। मगर इसके बाद न जाने क्या हुआ कि दोनों में अनबन शुरू हो गई। और बात यहां तक पहुंची कि ज्योत्सना ने फांसी लगा ली। इसकी उम्मीद देवेंद्र को भी नहीं थी। झगड़ा दोनों के बीच होता था, मगर उस झगड़े का अंजाम ये होगा ये देखकर देेवेंद्र जार जार रोता रहा। वहीं, ज्योत्सना के चाचा ने देवेंद्र के खिलाफ शिवकुटी थाने में दहेज उत्पीडऩ का केस दर्ज करा दिया है।

मोहब्बत से शादी तक
कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुर के रहने वाले देवेंद्र सिंह और पड़ोस के गांव नसीमाबाद की ज्योत्सना अवस्थी के बीच करीब दस वर्ष पहले जान पहचान हुई। जान पहचान न जाने कब मोहब्बत में बदल गई, दोनों को पता ही नहीं चला। दोनों का गांव आसपास है। ऐसे में ज्यादा दिन बात छिपी नहीं रह सकी। दोनों की मोहब्बत की चर्चा आ हो गई। इस बीच देवेंद्र सिंह को सीडीए पेंशन में नौकरी मिल गई। जिसका नतीजा रहा कि दोनों के परिवार वाले खामोश हो गए। 22 अप्रैल 2019 को दोनों परिणय सूत्र में बंध गए। दोनों के घरवालों को ये रिश्त पसंद नहीं था, मगर देवेंद्र अपने पैर पर खड़ा हो चुका था तो विरोध भी ज्यादा संभव नहीं था।

साल भर से शुरू था झगड़ा
देवेंद्र और ज्योत्सना शिवकुटी में किराए पर रहते थे। शिवकुटी पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच करीब एक साल से झगड़ा शुरू हुआ। मामूली बातों पर दोनों के बीच बहस होने लगी। मंगलवार रात को भी दोनों के बीच बहस हुई। रात में देवेंद्र पत्नी ज्योत्सना को अकेला छोड़कर घर से निकल गया। वह सुबह लौटा। दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद था। देवेंद्र ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर ज्योत्सना फांसी के फंदे पर झूल रही थी। देवेंद्र औचक रह गया। उसने आननफानन में ज्योत्सना को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस और ज्योत्सना के चाचा मनोज अवस्थी को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी संजय गुप्ता फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने बॉडी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

चाचा ने दर्ज कराया केस
देवेंद्र से सूचना मिलने के बाद शाम को चाचा मनोज अवस्थी शिवकुटी थाने पहुंचे। मनोज ने दामाद देवेंद्र सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का केस दर्ज करा दिया। आरोप लगाया कि शादी के बाद से देवेंद्र की मां सुमन, भाई छोटू और जीतू दहेज के लिए ज्योत्सना को परेशान करते थे, इनकी डिमांड पर कई बार दहेज दिया गया। पुलिस ने देवेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

रात में पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, इसके बाद पति देवेंद्र घर से निकल गया। सुबह वह लौटा तो पत्नी फांसी पर लटक रही थी। मृतका के चाचा की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।
संजय गुप्ता
थाना प्रभारी शिवकुटी