प्रयागराज (ब्‍यूरो)। रेलवे कोच में यात्रा का मजा आपने बहुत लिया होगा, मगर अब रेल कोच में रेस्टोरेंट का मजा भी मिलेगा। रेलवे ने अपनी व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए ये नया ट्रेंड शुरू किया है। सिविल लाइंस साइड रेल कोच रेस्टोरेंट का काम शुरू भी हो चुका है। काम जिस तेजी से चल रहा है, उम्मीद है कि अप्रैल के आखिर तक रेस्टोरेंट शुरू हो जाएगा। रेस्टोरेंट का काम झांसी की फर्म को मिला है।

24 घंटे चलेगा रेस्टोरेंट
सिविल लाइंस साइड होटल पोलो मैक्स के बगल रेल कोच रेस्टोरेंट को बनाया जा रहा है। काम तेजी से चल रहा है। रेलवे की मंशा के मुताबिक इस कांसेप्ट को अभी अप्लाई किया जा रहा है। ये कांसेप्ट सफल रहा तो आने वाले समय में अन्य स्टेशनों पर भी रेल कोच रेस्टोरेंट बनाया जाएगा। बहरहाल, रेल कोच रेस्टोरेंट फुली एसी रहेगा। साथ ही चौबीस घंटे रेस्टोरेंट चलेगा।

बाजार से सस्ता रहेगा खाना
रेल कोच रेस्टोरेंट का काम कृष्णा कैटरर्स को मिला है। रेस्टोरेंट के मीनू में दाल, चावल, रोटी, सब्जी, बाटी, चोखा के अलावा चाइनीज और दक्षिण भारतीय व्यंजन उपलब्ध रहेगा। रेस्टोरेंट के मैनेजर संदीप सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट में बाजार से कम दाम पर खाना उपलब्ध रहेगा। साथ ही शुद्धता की गारंटी रहेगी। रेल यात्रियों को कोच रेस्टोरेंट का स्वाद पसंद आएगा। प्रयास है कि रेल यात्रियों की जेब पर असर न पड़े। बताया कि रेल कोच रेस्टोरेंट में साठ यात्रियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।

रेलवे जंक्शन पर इस नए कांसेप्ट को मूर्त रूप दिया जा रहा है। प्रयास है कि जल्द से जल्द रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू हो जाए। यहां पर रेस्टोरेंट सफल होने पर अन्य स्टेशनों पर भी रेल कोच रेस्टोरेंट खोले जाने पर विचार किया जाएगा।
हिमांशु बडोनी
प्रबंधक प्रयागराज मंडल