प्रयाग व्यापार मंडल ने आगाज 2017 का खुल कर किया समर्थन

ALLAHABAD: व्यापारियों का हमदर्द बन कर कई व्यापारियों ने चुनावी वैतरणी को पार किया, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वे नेता बन गए, व्यापारी नहीं रहे। अब व्यापारियों को ऐसा नेता चाहिए जो सौ प्रतिशत शुद्ध व्यापारी हो और नेता बनने के बाद भी व्यापारी रहते हुए व्यापारियों के हित की बात कहे। आगाज 2017 का मकसद कुछ ऐसा ही है। यहां केवल व्यापार और व्यापारियों के हित की बात होगी। इसीलिए प्रयाग व्यापार मंडल अब खुल कर आगाज 2017 के समर्थन में आ गया है। प्रयाग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में यह संदेश दिया।

गैर राजनीतिक है आयोजन

प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोड़ा ने कहा कि आगाज 2017 का आयोजन पूरी तरह से गैर राजनैतिक है। इसमें न तो कोई पार्टी शामिल है और न ही कोई नेता। आगाज 2017 एक ऐसा मंच होगा जहां केवल व्यापारियों की समस्याओं और निराकरण पर चर्चा होगी। यहां व्यापारियों को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। व्यापारी नेता शिवशंकर सिंह ने कहा कि ज्यादातर व्यापारी नेता बनने के बाद व्यापारी नहीं रह जाते।

व्यापारियों को अब हक चाहिए

मुंडेरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि व्यापारी को आज तक केवल टैक्स कलेक्टर समझा गया है। व्यापारी अब जाग चुके हैं और उन्हें अपना अधिकार चाहिए। प्रयाग की धरती से पूरे देश में व्यापारियों द्वारा संदेश दिया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारी गुरु चरन अरोरा, अरुण केसरवानी, सरदार अजीत सिंह, सरदार जोगेंदर सिंह, राणा चावला, मो। कादिर, सुशील खरबंदा, सुहैल अहमद, मो। अहमद खान, ललित मोहन गुप्ता आदि ने आगाज 2017 को सफल बनाने की अपील की।