प्रयागराज (ब्‍यूरो)। लखनऊ जा रही शताब्दी एक्सप्रेस एसी बस आग का गोला बन गई। सिविल लाइंस डिपो से रवाना होने के कुछ ही देर बाद चलती बस से धुआं निकलने लगा। बस में आग लगने की घटना बेली हॉस्पिटल के पास हुई। चारों तरफ से पैक बस में बैठे लखनऊ जा रहे बीस यात्रियों की जान सांसत में फंस गई। चालक ने आननफानन में बस रोकी। धुआं देख यात्रियों में चीख पुकार मच गई। चालक और कंडक्टर ने यात्रियों को फौरन नीचे उतारा। तब तक आग धधक चुकी थी। देखते ही देखते पूरी बस को आग ने अपनी आगोश में ले लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंच गई। फायर बिग्रेड ने आग को काबू में किया। तब तक पूरी बस जल चुकी थी। घटना से सड़क पर जाम लग गया। एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।

दमकल कर्मियों ने आग पर पाया काबू
आलमबाग डिपो की शताब्दी एक्सप्रेस एसी बस प्रयागराज के सिविल लाइंस बस डिपो तक चलती है। शाम को करीब साढ़े चार बजे एसी बस लखनऊ के लिए रवाना हुई। चालक लालजी बस चला रहा था। कंडक्टर अंग्रद यात्रियों के टिकट काट रहा था। सिविल लाइंस डिपो से करीब तीन किलोमीटर दूर बस बेली हॉस्पिटल के सामने पहुंची थी, तभी उसके इंजन से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलता देख यात्री चिल्लाने लगे। चालक लालजी ने तुरंत ब्रेक लगा दिया। बस रुक गई। कंडक्टर ने दरवाजा खोला तो चीखते चिल्लाते यात्री बस से निकलने लगे। बस से निकलने के चक्कर में यात्रियों में धक्कामुक्की शुरू हो गई। कंडक्टर अंगद ने जैसे तैसे सभी यात्रियों को बाहर किया। तब तक आग की लपटें उठने लगी थीं। बस में बीस यात्री सवार थे। यात्री अपना सामान लेकर चले गए। चालक और कंडक्टर भी मौके से गायब हो गए। आग का हल्ला मचा तो चंद कदम दूर बेली पुलिस चौकी से सिपाही और दारोगा चंदन सरोज पहुंच गए। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सीएफओ आरके पांडेय फायर ब्रिगेड टीम के साथ पहुंच गए। तब तक पूरी बस आग से घिर चुकी थी। पूरी बस धू धूकर आग से जल रही थी। दमकल कर्मियों को बस की आग बुझाने में आधा घंटा का समय लगा। इस बीच सड़क पर जाम लग गया।

एक घंटा जाम में फंसे रहे लोग
घटना पौने पांच बजे की है। आग लगते ही बस जलने लगी तो सिविल लाइंस से तेलियरगंज जाने वाले रूट पर आवागमन ठप हो गया। नतीजा एक ही रूट चलने से जाम की स्थिति हो गई। देखते ही देखते सड़क पर सैकड़ों वाहन जहां के तहां खड़े हो गए। दारोगा चंदन सरोज ने जैसे तैसे जाम खत्म करवाया।

भीड़ बनाती रही वीडियो
बस में आग लगते ही सड़क से गुजर रहे लोग अपना मोबाइल निकाल कर वीडियो बनाने लगे। सैकड़ों की संख्या में जहां तहां खड़े लोग अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, एक वजह ये भी बनी जाम की। वीडियो बनाते समय लोगों को याद ही नहीं रहा कि वह सड़क पर गाड़ी खड़ी किए हुए हैं।

टाइम लाइन
4.30 बजे सिविल लाइंस डिपो से रवाना हुई बस।
4.45 पर बेली हॉस्पिटल के सामने बस में लगी आग।
4.50 पर फायर ब्रिगेड को पुलिस ने दी सूचना।
5.02 पर फायर ब्रिगेड पहुंची बस के पास।
5.32 पर फायर ब्रिगेड ने बस की पूरी आग बुझाई।
6.00 बजे तक स्टैनली रोड पर लगा रहा जाम।
20 यात्री सवार थे लखनऊ जाने वाली एसी बस में।


ये तो जान से खिलवाड़ है
ये तो यात्रियों की जान से खिलवाड़ है। एसी बस में आग लग जाने का मतलब है कि रवानगी के पहले उसकी चेकिंग नहीं की गई। जबकि रोडवेज को रवानगी के पहले वर्कशॉप में चेक किया जाता है। उस पर भी एसी बस के मामले में तो कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

लखनऊ जा रही एसी बस में आग लगी थी। सूचना के तुरंत बस फायर ब्रिगेड टीम पहुंच गई। आधे घंटे में आग को काबू में कर लिया गया। सभी यात्री, चालक और कंडक्टर सुरक्षित हैं। कोई जनहानि नहीं हुई। आग बहुत भीषण थी। अनुमान है कि शार्ट सर्किट से आग लगी है।
आर के पांडेय मुख्य अग्निशमन अधिकारी