एसआरएन हॉस्पिटल से भागने में मदद करने वाले सरायअकिल के सिपाही को कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

कौशाम्बी के सरायअकिल में चार साथियों के साथ किशोरी से गैंगरेप किया था कनैली का गुलशन, मुठभेड़ के बाद लगा था पुलिस के हाथ

PRAYAGRAJ: मुठभेड़ में गोली से घायल गैंग रेप के आरोपित गुलशन को सोमवार रात एसआरएन हॉस्पिटल से भागने में सिपाही पवन कुमार का हाथ था। शहर कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपित सिपाही गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेजा गया। मामले में गिरफ्तार किया गया सिपाही भी कौशाम्बी के सरायअकिल थाने में ही तैनात था। रविवार को हुए मुठभेड़ में गोली लगने के बाद गुलशन को कौशाम्बी पुलिस द्वारा पकड़ा गया था। पुलिस को उसकी शिद्दत से तलाश थी। कौशाम्बी जिला हॉस्पिटल से उसे यहां के लिए रेफर किया गया था। गुलशन के फरार होने के बाद से कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। तफ्तीश में मालूम चला कि सिपाही पवन कुमार उससे मिलने के लिए यहां हॉस्पिटल आया हुआ था। फोन के जरिए वह किसी से उसकी बात भी करवाया था।

आरोपित से मिलने आया था सिपाही

कौशाम्बी के करारी इलाके की एक किशोरी सिलाई सीखने म्योहर बाजार जा रही थी। बताते हैं कि रास्ते से कार सवार चार युवकों द्वारा उसे अगवा कर लिया गया था। सरायअकिल के कनैली क्षेत्र में ले जाकर चारों बारी-बारी रेप किए। किशोरी की आवाज सुनकर पब्लिक दौड़ी तो चारों कार में बैठकर भाग निकले थे। पब्लिक द्वारा पीडि़ता को सरायअकिल पुलिस के हवाले किया गया था। सूचना पर थाने पहुंचे उसके घर वालों द्वारा मामले में राजू, गुलशन, सत्यम व एक अन्य के खिलाफ तहरीर दी थी। सरायअकिल पुलिस ने गैंग रेप की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित राजू को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस को चकमा देकर भागे-भागे फिर रहे कनैली निवासी आरोपित गुलशन की रविवार रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई थी। मुठभेड़ में गोली से घायल होने के बाद उसे कौशाम्बी पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर किया गया था। गुलशन सरायअकिल थाने का टॉप-10 अपराधी भी है। मुठभेड़ में घायल होने की वजह से उसे कौशाम्बी के जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया था। वहां गुशल मोबाइल से एक वीडियो बनाकर वायरल कर दिया था। इस पर कौशाम्बी से गुलशन को एसआरएन अस्पताल रेफर किया था। यहां एडमिट गुलशन की निगरानी के लिए कौशाम्बी पुलिस द्वारा दो सिपाही शोले कुमार व जितेंद्र कुमार लगाए गए थे। इसके बावजूद गुलशन सोमवार रात एसआरएन से भाग निकला था। यहां से उसके भागने के बाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस तफ्तीश में जुट गई। कोतवाली पुलिस की जांच में सरायअकिल थाने में तैनात सिपाही पवन कुमार का नाम उसे भगाने में सामने आया। सिपाही पवन को कोतवाली पुलिस जानसेनगंज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताया गया कि गैंगरेप के आरोपित गुलशन से मिलने वह एसआरएन हॉस्पिटल आया था। सिपाही अपने मोबाइल से उसकी किसी बात भी करवाया था। इसी के बाद वह हॉस्पिटल से भागा था।