दोपहर बाद सिविल लाइंस में चला अभियान

ALLAHABAD: हाईकोर्ट की फटकार के बाद 18 मई से शहर में शुरू हुआ अतिक्रमण हटाओ अभियान रविवार को भी जारी रहा। शाम पांच बजे के बाद सिविल लाइंस एरिया में अभियान चलाकर सड़क किनारे चल रही दुकानों को हटाया गया। पत्थर गिरजा घर से अभियान की शुरुआत की गई। रोड के किनारे पटरी पर चल रही फल की दुकानों को हटवाया गया। वहीं सुभाष चौराहे तक सर्विस लेन पर खुली दुकानों को हटवाया गया। सुभाष चौराहे पर सर्विस लेन पर वर्षो से चल रही दुकान को हटाने का प्रयास किया गया तो दुकानदारों ने अभियान का विरोध किया। सुभाष चौराहा से 500 मीटर एरिया पत्थर गिरजा घर की तरफ व 500 मीटर हनुमान मंदिर की तरफ नो वेंडिंग जोन का हवाला दिया गया।

दो बारात घर और छह भवन सील

नगर निगम की टीम ने सिविल लाइंस में जहां अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। वहीं एडीए के जोनल अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने अवैध तरीके से निर्मित भवनों के खिलाफ कार्रवाई की। जोनल अधिकारी ने स्टेनली रोड पर बारात घर आरडी पैलेस और सारस्वत पैलेस को सील किया। वहीं मिंटो रोड के पास छह आवासीय भवनों को सील किया गया।