-लापता यात्रियों की चल रही तलाश, अगली सूची का इंतजार

-केंद्र सरकार से स्वास्थ्य विभाग को भेजी गई सूची

-कोरोना वायरस के स्ट्रेन टू के खतरे के मददेनजर सतर्क हो गए अधिकारी

-पहले दिन बीस लोगों का लिया गया सैंपल

PRAYAGRAJ: प्रयागराज पर भी कोरोना वायरस के स्ट्रेन टू का खतरा मंडराने लगा है। हाल ही में यूके से लौटे 50 यात्रियों की सूची केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सौंपी है। इनमें से 20 यात्रियों की सैंपलिंग शुक्रवार को हुई है और बाकी की जांच शनिवार को होगी। इसका शॉकिंग फैक्टर यह है कि इनमें से नौ यात्री लापता हैं। अब इन सभी की तलाश की जा रही है। हालांकि इनके पासपोर्ट पर दर्ज एड्रेस पर यह नहीं मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई पॉजिटिव आता है तो तत्काल भर्ती कर उसका इलाज शुरू करा दिया जाएगा। फिलहाल केंद्र से आने वाली अगली सूची का इंतजार किया जा रहा है।

अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग

यूके में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन पाए जाने के बाद दुनिया के दूसरे देशों समेत इंडिया में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। अब केंद्र सरकार ऐसे लोगों की लिस्ट निकाल रही है जो हाल ही में यूके से आए हैं और देश के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले हैं। इसी क्रम में प्रयागराज के 50 ऐसे यात्री सामने आए हैं जो 25 नवंबर के बाद यूके से वापस आए हैं और अपने ठिकानों पर पहुंच चुके हैं। इनकी लिस्ट केंद्र सरकार से स्वास्थ्य विभाग से मिल चुकी है। शुक्रवार को इनकी तलाश शुरू कर दी गई।

लापता यात्रियों ने बढ़ाया सिरदर्द

जिन 50 पैसेंजर्स की लिस्ट केंद्र से मिली है, उनमें से नौ यात्रियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पासपोर्ट पर इनका जो पता लिखा था वहां पर यह नहीं मिले हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का सिरदर्द बढ़ गया है। जिले के अलग-अलग एरिया में रहने वाले इन यात्रियों की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि यह सभी अन्यत्र स्थानों पर गए हुए हैं और इनको जल्द से जल्द कोविड टेस्ट के लिए हाजिर होने को कहा गया है। सबसे पहला काम इनकी तलाश कर कोविड टेस्ट कराया जाना है। जो कि बहुत ज्यादा जरूरी है।

सभी के सैंपल आए निगेटिव

शुक्रवार को 50 में से 20 यात्रियों की जांच की गई, जिनमें से सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे विभागीय अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। जबकि बाकी बचे 30 यात्रियों की सैंपलिंग की जानी बाकी है। अगर सभी की रिपोर्ट निगेटिव आ गई तो स्वास्थ्य विभाग सहित शहर के लोगों पर मंडरा रहे संकट से मुक्ति मिल जाएगी। जिला प्रशासन ने भी स्वास्थ्य विभाग ने बाहर से आने वालों की फटाफट जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

64 नए मरीजों ने दी दस्तक

इस बीच चोबीस घंटे में 64 नए मरीजों ने दस्तक दी है। 77 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए हैं और उनको डिस्चार्ज कर दिया गया है। शुक्रवार को कोरोना से एक भी मौत दर्ज नही की गई। कुल 5860 लोगों की जांच की गई है और इनमें से 64 नए मरीज चिंहित किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक एसआरएन हॉस्पिटल में अभी कुल 60 मरीज भर्ती हैं और बेली हॉस्पिटल में 19 कोविड मरीजों का इलाज किया जा रहा है। यूनाइटेड मेडिसिटी में 13 मरीजों को भर्ती किया गया है। डॉक्टर्स का कहना है कि लक्षण सामने आते ही तत्काल कोविड की जांच कराई जानी चाहिए।

यूके से आने वाले 50 लोगों की लिस्ट मिली है। इनमें से बीस लोगों की जांच की गई जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। बाकी जांच शनिवार को की जाएगी। नौ लोग कहीं दूसरी जगहों पर गए हैं। उनको भी तत्काल कोविड जांच के लिए कहा गया है।

-डॉ। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19 प्रयागराज