-एक सितंबर तक शहर में चलाया जाएगा अभियान

-लोगों के ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा केजीएमयू

PRAYAGRAJ: बहुत से लोगों को पता ही नहीं होता कि वह कब कोरोना से संक्रमित हुए और ठीक भी हो गए। ऐसे लोगों के शरीर में विकसित एंटीबॉडी और इम्युनिटी का पता लगाने के लिए शहर में शीरो सर्विलांस अभियान शुक्रवार से शुरू किया गया है। यह एक सितंबर तक चलेगा और इसमें लोगों के खून का सैंपल लेकर केजीएमयू जांच के लिए भेजा जाएगा। इससे सरकार लोगों के शरीर में विकसित हो रही इम्युनिटी का पता लगाएगी।

सहमति से लिया जाएगा ब्लड सैंपल

-इस अभियान से लोगों का ब्लड सैंपल उनकी सहमति से लिया जाएगा।

-कुल दस टीमें बनाई गई हैं। एक टीम में पांच सदस्यों को रखा गया है।

-टीमें लोगों की सहमति से 24-24 लोगों का समूह तैयार करेंगी। इनमें पुरुष और स्त्री दोनों होंगे।

-यह वह लोग हैं जिनकी रिपोर्ट अभी तक पॉजिटिव नहीं आई है।

-इनका ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू भेजा जाना है।

-इन लोगों की उम्र 18 से 59 साल के बीच की होगी।

भविष्य में काम आएगा सैंपल

कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार सभी तरह के प्रयास आजमा रही है। इसी कड़ी में शीरो सर्विलांस को लागू किया गया है। इस अभियान से प्राप्त रिजल्ट से भविष्य में कोरोना संक्रमण पर लगाम लगाने के तरीके खोजे जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि टीम में डॉक्टर, लब टेक्नीशियन, सैंपल कलेक्शन कर्मचारी और आशा व एएनएम को रखा गया है। यह सभी किसी भी एरिया में छह घरों का चयन करेंगे और शहर को आबादी से हिसाब से चार हिस्सों में बांटा गया है। सरकार की नजर में यह एक महत्वपूर्ण अभियान है और पता लगायाजाएगा कि लोगों के शरीर में विकसित एंटी बॉडी कोरोना की रोकथाम में कितनी कारगर साबित होती है।

यह एक बड़ा अभियान और अगले पांच दिनों तक चलने वाला है। हमने दस टीमों को तैनात कर अलग अलग एरिया में भेजा है। सरकार द्वारा तय मानक के आधार पर लोगों का ब्लड सैंपल एकत्रित कर भेजा जा रहा है।

-डॉ। अरुण तिवारी, नोडल व एसीएमओ