गंगा दिवस के मौके पर किया गया आयोजन, उत्साह से बच्चों ने लिया भाग

अमिताभ बच्चन स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स से हुई शुरुआत, विशेष सचिव ने बांटे पुरस्कार

PRAYAGRAJ: गंगा दिवस के अवसर पर बुधवार को गंगा मैराथन का आयोजन किया गया। पुरुष वर्ग में इसके विजेता धीरज यादव बने तो महिला वर्ग में विजेता होने का सेहरा नीतू कुमारी के सिर बंधा। प्रतियोगिता के विजेताओं को विशेष सचिव वन ने पुरस्कार वितरित किया। इस मौके पर कई अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गयीं।

गंगा को निर्मल बनाने का संदेश

गंगा को अविरल एवं निर्मल बनाने हेतु लोगो को जागरूक करने के लिए जनपद में गंगा दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये। गंगा मैराथन को मुख्य वन संरक्षक, दक्षिणी क्षेत्र प्रयागराज एन रविन्द्रा ने हरी झंडी दिखाकर प्रात: 7 बजे रवाना किय। अमिताभ बच्चन स्पो‌र्ट्स काम्पलेक्स से शुरू होकर धोबीघाट चौराहा, हीरा हलवाई चौराहा, साईं मंदिर होते हुए इंदिरा गांधी चैराहे तक गयी और पुन: उसी मार्ग से लौटे। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान धीरज यादव, द्वितीय स्थान अभिषेक एवं तीसरा स्थान शिवम यादव को मिला। महेश कुमार, राजेन्द्र विंद, संतोष यादव को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। महिला वर्ग में नीतू कुमारी प्रथम, अंजू यादव द्वितीय और शिवानी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया

महिला वर्ग में रिया यादव, निधि यादव, साक्षी कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। चीफ गेस्ट विशेष सचिव वन ब्रह्मदेव त्रिपाठी रहे। बीआर अहिरवार, क्षेत्रीय कीडा अधिकारी अनिल तिवारी ने प्रोग्राम को सफल बनाने में योगदान दिया। नेहरू युवा केन्द्र, गंगा विचार मंच, एवं सिविल डिफेन्स के वालंटियर्स तथा भारी मात्रा में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विजयी धावकों को प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग वाईपी शुक्ला ने बधाई दी। गंगा मैराथन के अतिरिक्त नगर निगम, वन विभाग एवं मां गंगा सफाई अभियान, प्रयागराज के प्रयासों से फाफामऊ गंगा घाट की सफाई की गयी। संगम के नजदीक नुक्कड़ नाट्य अभिनय संस्थान प्रयागराज द्वारा गंगा को पावन रहने दो नाट्य प्रस्तुति की गयी। नेहरू युवा केन्द्र द्वारा चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।