प्रयागराज (ब्‍यूरो)। शहर स्थित हिन्दू हॉस्टल के सामने शनिवार की रात जमकर फायरिंग और बमबाजी हुई। गोलीबारी और बम के धमाकों की आवाज सुन लोग सहम गये। रात के सन्नाटे को चीरती हुई आवाज गश्त कर रही पुलिस के कानों तक जा पहुंची। लाव लश्कर के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये। पुलिस के सामने भी दो पक्ष एक दूसरे पर हमलावर थे। समझाने के बावजूद दोनों पक्ष शांत होने का नाम नहीं ले रहे थे। यह देख ठंड में पुलिस का माथा गर्म हो गया। पुलिस अपने पर आई तो माहौल में नरमी आते देर नहीं लगी। धीरे-धीरे कर दोनों पक्ष के लोग मौके से भाग खड़े हुए। चौकी इंचार्ज विश्वविद्यालय अशोक कुमार की तहरीर पर दोनों तरफ के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस को मौके पर फेके गए जिंदा बम भी मिले हैं।

कई नामजद व दर्जनों अज्ञात पर केस
हिन्दू हास्टल के कुछ छात्र रात में फिल्म देखने गए हुए थे। रात करीब एक बजे शो समाप्त होने के बाद सभी बाइक से हॉस्टल लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक हॉस्टल के पास अन्नू यादव की कार किसी एक छात्र की बाइक से टच हो गई। इसी बात को लेकर छात्र अन्नू यादव से उलझ गए। देखते ही देखते दर्जनों की संख्या में छात्र जुट गए। थोड़ी देर में अन्नू की तरफ से भी कुछ लोग पहुंच गए बात बढ़ी तो बमबाजी और फायरिंग शुरू हो गई। गोलीबारी और बम के धमाकों से आसपास के लोग सहम गए। आवाज सुन पहुंची पुलिस सभी को शांत कराने की कोशिश करने लगी। पुलिस के सामने भी उपद्रव शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। यह देख पुलिस अपने पर आई तो सभी भाग खड़े हुए। मामले में विश्वविद्यालय चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने तहरीर दी। चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मनमोहन पार्क के पास निवासी अन्नू यादव व अंकित यादव व संजीव यादव सहित दस अज्ञात व छात्र शिवम द्विवेदी, रंजीत यादव समेत चार नामजद और चालीस अज्ञात के खिलाफ मारपीट फायरिंग और बमबाजी का मुकदमा दर्ज किया गया। छानबीन में पुलिस को मौके से जिंदा बम मिले हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

मामले में चौकी इंचार्ज की तहरीर पर दोनों तरफ से कुछ नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से बम भी मिले हैं। आरोपितों की तलाश की जा रही है।

अरुण कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर कर्नलगंज