-ठंड को देखते हुए शासन ने जारी किया चालीस लाख का एक्स्ट्रा बजट

-तहसीलों में जल्द ही पहुंचेगी खेप, लेखपाल करेंगे वितरण

PRAYAGRAJ: गरीब और असहाय लोगों को निराश होने की जरूरत नहीं है। जल्द ही उनको सरकारी कंबल का वितरण किया जाएगा। भीषण ठंड को देखते हुए शासन की ओर से कंबल खरीद का एक्स्ट्रा बजट जारी किया गया है। इसके आधार पर खरीद-फरोख्त की जा रही है। जल्द ही इन कंबलों को लेखपालों के जरिए जरूरतमंदों को वितरित करा दिया जाएगा।

एक ब्लॉक में बांटे एक हजार

ठंड की शुरुआत होते ही सरकार की ओर से जिला प्रशासन को कंबल वितरण के लिए 40 लाख रुपए दिए गए थे। इससे आठ हजार कंबल खरीदकर प्रत्येक ब्लॉक में बटवाया गया था। जानकारी के मुताबिक एक ब्लॉक में एक हजार कंबल दिया गया था। इसके बाद चारों ओर से अतिरिक्त कंबल देने की मांग की जा रही थी। लोगों का कहना था कि इस बार भीषण ठंड और गलन का माहौल है। ऐसे में कंबलों की संख्या बढ़ा दी जाए। क्योंकि एक ब्लॉक में महज एक हजार कंबल पर्याप्त नही हैं।

शासन ने दिए 40 लाख

डिमांड को देखते हुए शासन ने हाल ही में फिर से 40 लाख रुपए का बजट जारी किया गया है। इससे नए कंबल खरीदे जाएंगे। फिलहाल जेम पोर्टल के जरिए बिड कराई जा रही है। जैसे ही फर्म फाइनल होगी, कंबल मंगवा लिए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द कंबल मंगवाकर लेखपालों और कानूनगो के जरिए वितरित कराया जाना है। इस बार भी प्रत्येक ब्लॉक को एक हजार कंबल दिए जाने की योजना है।

चल रहा है वेरिफिकेशन

पिछली खेप में बांटे गए कंबलों के वितरण का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से वितरण के दौरान फोटो खिंचवाने का आदेश लेखपाल और कानूनगो को दिया गया था। अब इन फोटोग्राफ्स के जरिए वितरण का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके अलावा निजी संस्थाओं के द्वारा जरूरतमंदों को कंबल का बंटवाया गया था।

ठंड के प्रकोप को देखते हुए कंबल का अतिरिक्त बजट शासन से मांगा गया था जो प्राप्त हो गया है। जल्द ही लोगों को नए कंबल का वितरण किया जाएगा।

-एमपी सिंह, एडीएम एफआर, प्रयागराज