हरतालिका तीज पर घर-घर में हुई भगवान शिव व पार्वती संग गणेश की पूजा

<हरतालिका तीज पर घर-घर में हुई भगवान शिव व पार्वती संग गणेश की पूजा

PRAYAGRAJ: PRAYAGRAJ: सुहाग की सलामती के लिए शुक्रवार को महिलाओं ने हरतालिका तीज का व्रत रखा। भगवान शिव-पार्वती और गणेश की पूजा के लिए दिन भर तैयारी चलती रही। पूजन सामग्री और साज-श्रृंगार के सामान की खरीदारी का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। शाम के वक्त महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पूजा-पाठ किया। इस दौरान घरों में तीज व्रत कथा का भी पाठ हुआ।

व्रत का है विशेष महत्व

हरतालिका तीज का एक विशेष महत्व है। माना जा जाता है कि इस व्रत से महिलाओं के सुहाग रक्षा होती है। मान्यता है कि हरतालिका तीज व्रत से भगवान शंकर व पार्वती एवं गणेश जी की विशेष कृपा बरसती है। इन्हीं कामनाओं के साथ तमाम महिलाएं शुक्रवार को निर्जला व्रत रहीं। पूजन सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की खासी भीड़ रही। मिट्टी से बनी भगवान शिव व पार्वती एवं गणेश की प्रतिमा की डिमांड खूब रही। सुहाग के सामान की भी महिलाओं द्वारा खूब खरीददारी की गई। व्रती महिलाएं दोपहर बाद से ही साज-श्रृंगार में जुट गई।

हरतालिका तीज पर संगम में डुबकी लगाने को जुटी भीड़

सुबह होते ही पूजन की तैयारी शुरू हो गई। इससे पहले महिलाओं ने तड़के गूंगी पूजा की। तमाम व्रती महिलाओं ने गंगा यमुना और इन दोनों नदियों के संगम में स्नान भी किया। सूर्यास्त होने के बाद सोलह श्रृंगार कर गौरा-पार्वती, गणेशजी का पूजन किया। पर्व के चलते शुक्रवार को संगम पर चहल पहल रही। हरतालिका तीज व्रत का पारण शनिवार की सुबह होगा। व्रती महिलाएं मिष्ठान ग्रहण करके व्रत का विधि-विधान से पारण करेंगी। व्रत का पारण होने के बाद वह अन्न ग्रहण करेंगी।