-नए यमुना ब्रिज पर बाइक सवार शिक्षक को पीछे से अज्ञात वाहन ने मारा टक्कर

-दारागंज से कोरांव स्थित प्राथमिक विद्यालय ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा

PRAYAGRAJ: कोरांव के रतैवर प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक गणेश प्रसाद शुक्ल (30) की सोमवार सुबह हादसे में मौत हो गई। हेलमेट पहनने के बावजूद उसके माथे पर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई। शरीर से काफी ज्यादा खून बह जाने के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। नए यमुना ब्रिज पर पीछे से टक्कर मारने वाले वाहन को लेकर चालक भाग निकला। हादसे को देख राहगीर दौड़ पड़े। तब तक गाड़ी सहित चालक काफी दूर जा चुका था। खबर मिलने पर पहुंची कीडगंज पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। परिजनों द्वारा देर रात अज्ञात वाहन के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई।

दारागंज में रहते थे किराए पर

कोरांव के मझिगवां निवासी रोहिणी दत्त शुक्ल के दो बेटों में गणेश प्रसाद बड़े थे। परिवार में उनकी मां राजकुमारी व चार बहनें भी हैं। हाल ही में हुई 69 हजार शिक्षक भर्ती में उन्हें नौकरी मिली थी। करीब एक माह पूर्व विभाग द्वारा उनकी पोस्टिंग कोरांव के रतैवर प्राथमिक विद्यालय पर की गई। वह दारागंज में किराए पर कमरा लेकर रहते थे। यहीं से रोज की तरह सोमवार को भी वे कोरांव स्थित विद्यालय ड्यूटी जा रहे थे। बाइक लेकर वह नए यमुना पर जैसे पहुंचे कि पीछे से अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गिरते ही शिक्षक की मौके पर मौत हो गई। टक्कर के बाद वाहन सहित चालक भाग निकला। यात्रियों ने जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को उनके जेब में कागजात मिले। इन कागजातों के जरिए पुलिस द्वारा उनकी पहचान की गई। खबर घर वालों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुल पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से पुलिस टक्कर मारने वाली गाड़ी को खोजने का प्रयास कर रही है।

परिवार की तरफ से अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर दी गई है। हादसे में मृत शिक्षक की बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। पुल पर लगे कैमरों के फुटेज से टक्कर मारने वाली गाड़ी की तलाश की जा रही है।

-रोशन लाल, प्रभारी निरीक्षक कीडगंज