i shocking

-पत्नी के सिर पर रॉड द्वारा बेरहमी से प्रहार करके उतारा मौत के घाट

-हत्या के पहले पीटा, फिर जूते के फीते से हाथ बांधकर दिया वारदात को अंजाम

PRAYAGRAJ: नशेड़ी पति उमेश हेला को पत्नी मधु देवी पर शक था। इसके चलते वह अक्सर उसकी पिटाई किया करता था। लेकिन रविवार को उसने सारी हदें पार कर दीं। नशे में घर के अंदर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान उमेश ने मधु को जमकर पीटा। वह चीखती रही लेकिन उमेश का दिल नहीं पसीजा। हद तो तब हो गई जब उसने जूते के फीते से पत्नी का हाथ बांध दिया। इसके बाद रॉड से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। ताबड़तोड़ वार से मधु का सिर फट गया और वह खून से लथपथ हो गई। तब तक पड़ोसी व परिवार के लोग पहुंच गए। सभी मधु को आनन-फानन एसआरएन हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सरकारी एम्बुलेंस से बॉडी वापस घर लाई गई। घर पहुंचते ही पति घडि़याली आंसू बहाने लगा। खबर मिली तो सीओ कर्नलगंज फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आरोपित पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। बॉडी पोस्टमार्टम हाउस भेज दी गई। घटना कर्नलगंज के ओल्ड कटरा की है।

ओल्ड कटरा में हैरतअंगेज वारदात

सिटी स्थित ओल्ड कटरा निवासी मोती लाल की दो बेटियों में से एक शोभा की शादी वाराणसी में हुई है। वहीं दूसरी बेटी मधु का विवाह धूमनगंज के मुंडेरा नीम सराय निवासी नारायण के बेटे उमेश से हुई थी। उमेश पांच भाई है। कुछ वर्ष पूर्व मधु के पिता मोतीलाल की मौत हो गई। पिता की मौत के बाद मां अकेली बची। मां के सेवा के लिए मधु मायके ओल्ड कटरा आ गई। उसका पति उमेश भी ससुराल में रहने लगा। परिवार की आर्थिक स्थित ठीक नहीं थी। उमेश भी कोई काम नहीं किया करता था। उसकी सास यानी मधु की मां ने उसे ई-रिक्शा दिलाया। परिवार की समस्याएं फिर भी नहीं हल हुई। रिक्शे की कमाई उमेश दारू पर उड़ा देता था। इस बीच मधु की मां की भी मौत हो गई।

हॉस्टल में काम करती थी मधु

उमेश की गैरजिम्मेदाराना हरकतों से मधु की मुश्किलें और बढ़ने लगी। आर्थिक हालात सुधारने की गरज से मधु खुद इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के कल्पना चावला महिला हॉस्टल में काम करने लगी। इससे उसे पांच छह हजार रुपये हर महीने के मिलने लगे। शक्की मिजाज का उमेश पत्नी की कमाई भी नशे में उड़ाने लगा। रुपये न देने पर वह उसकी अक्सर पिटाई किया करता था। दोनों के झगड़े मोहल्ले में आम हो चले थे। इस लिए शोर-शराबा होने पर भी लोग ध्यान नहीं देते थे।

आरोपित हिरासत में, रिपोर्ट दर्ज

उमेश के घर मुंडेरा नीमसराय में भतीजे की शादी पड़ी है। शनिवार को कुछ कार्यक्रम था।

इसमें उमेश के साथ मधु ससुराल गई थी। मधु की चचेरी भाई गीतांजलि की मानें तो दोनों रात में ही वापस आ गए थे।

रविवार को उसके भतीजे के शादी की कुछ रश्म थी। रश्म में शामिल होने के लिए मधु तैयार हो रही थी।

उमेश भी घर में ही था। रोज की तरह अक्सर दरवाजा बंद था। अचानक मधु के चीखने की आवाजें आने लगीं।

लेकिन उमेश के सिर पर शैतान सवार हो गया था और वह मधु की जान लेकर ही माना।

देर रात मधू के भतीजे परवेंद्र निवासी राजापुर ने पुलिस को तहरीर दी।

आए दिन मारपीट व शक करने का भी उमेश पर आरोप लगाया है।

महिला के सिर पर रॉड से प्रहार किए जाने से उसकी मौत का मामला सामने आया है। कत्ल के आरोपित उसके पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मृतका के परिवार की तरफ से प्राप्त तहरीर में कत्ल की वजह शक और आए दिन नशे में विवाद बताया गया। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

-सुधीर कुमार, सीओ कर्नलगंज