-सिटी में विभिन्न संस्थाओं व पार्टियों की ओर से हुआ आयोजन

- हिन्दुस्तानी एकेडमी की ओर से आयोजित हुई विशेष संगोष्ठी

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: देश की आजादी के संघर्ष के साथ ही शिक्षा की अलख जगाने वाले भारतरत्न महामना पं। मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री व जनकवि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कृतज्ञ संगमवासियों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सिटी की विभिन्न साहित्यक व सामाजिक संस्थाओं ने अपनी श्रद्धांजलि देते हुए दोनों महापुरुषों को याद किया। वहीं बीजेपी समेत कई राजनीतिक पार्टियों की ओर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

साहित्यक संगोष्ठी में अटल पर चर्चा

हिन्दुस्तानी एकेडमी की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसका मुख्य विषय अटल बिहारी बाजपेयी: राजनेता और साहित्यकार रखा गया। गांधी सभागार में हुए आयोजन की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित से हुई। एकेडमी के अध्यक्ष डॉ। उदय प्रताप सिंह ने संगोष्ठी की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि देश के महान विभूति भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी के साथ ही शिक्षाविद् भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय का भी आज जन्मदिन है। अटल जी कवि पहले थे और राजनेता बाद में। अगर वह राजनेता नहीं होते तो बड़े साहित्यकार होते। अध्यक्षीय संबोधन के बाद डॉ। उदय प्रताप सिंह ने हिंदुस्तानी एकेडमी के पुरस्कार योजना 2020 की भी घोषणा की। इसके माध्यम से विद्वानों एवं साहित्यकारों से आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन की विस्तृत जानकारी हिन्दुस्तानी एकेडमी की वेबसाइट www.hindustaniacademy.com पर उपलब्ध है। 25 जनवरी 2021 तक साहित्यकार आवेदन कर सकते है।

महामना के विचारों ने जन-जन को किया प्रेरित

सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भारत रत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर सेवा समिति हॉल में जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत सभाध्यक्ष एवं चीफ गेस्ट द्वारा महामना के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। चीफ गेस्ट वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सेवा समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कुमार वैश्य ने कहा कि हम सभी को महामना के व्यक्तित्व एवं कार्यो को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयास करना चाहिए। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं। रामनरेश त्रिपाठी पिण्डीवास ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में कहा कि पिण्डीवासा ने महामना के द्वारा किए गए त्याग, उच्च आदर्श तथा उनके दृढ़ संकल्पों को उद्त किया। इस मौके पर द सेवा समिति के प्रबंध मंत्री तथा प्रिंसिपल भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कालेज योगेश चन्द्र त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत व कार्यक्रम का संचालन किया। श्री धर्म जागरण समिति की ओर से एक बैठक आयोजित हुई। जहां पं। मदन मोहन मालवीय की 159वीं जयंती मनायी गई।