-मिशन शक्ति के तहत जिले के सभी थानों पर स्थापित हुआ महिला हेल्प डेस्क

-महिला सुरक्षा को लेकर नियुक्ति प्रभारियों को एसएसपी ने दिए निर्देश

PRAYAGRAJ: मिशन शक्ति के तहत शुक्रवार को जिले के सभी 39 थानों में महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई। सभी थानों के इस महिला हेल्प डेस्क पर प्रभारी व महिला सिपाहियों की तैनाती की गई। इनके द्वारा थाने पर आने वाली पीडि़त महिलाओं की समस्याओं को सुना जाएगा। आवश्यकता अनुसार मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई भी कराने में यह डेस्क महिला फरियादियों की मदद करेगा। इस हेल्प डेस्क की मॉनीटरिंग सीधे सीओ और एसएसपी के द्वारा की जाएगी। इसी के साथ जगह-जगह मिशन के तहत कल्चरल प्रोग्राम भी हुए।

एसएसपी ने किया उद्धाटन

महिलाओं की सुरक्षा व त्वरित इंसाफ को लेकर गंभीर हुई सरकार द्वारा मिशन शक्ति लांच की गई। इसके तहत थानों पर खोले गए महिला हेल्प डेस्क का अफसरों ने उद्घाटन किया। कर्नलगंज थाने में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ एसएसपी ने किया। उन्होंने कहा कि हर-हाल में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। महिला से जुड़े अपराध और उनकी शिकायतों पर त्वरित व सख्त कार्रवाई करें। सिविल लाइंस थाने में हेल्प डेस्क का उद्घाटन करते हुए सीओ अजीत सिंह चौहान ने उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस डेस्क का मकसद महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करना है। यहां महिला डेस्क की प्रभारी अरीना फात्मा बनाई गई। यहां छह महिला सिपाही की भी तैनाती की गई। इसी तरह सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया।

देवी मंदिरों में हुए कार्यक्रम

उधर, उप्र संस्कृति विभाग द्वारा मिशन शक्ति के तहत सूबे 13 देवी मंदिरों व शक्तिपीठों में शक्ति महोत्सव का आयोजन हुआ। इस बीच लोक कलाकारों द्वारा देवी गीत एवं लोकनृत्य जैसे कार्यक्रम हुए। इसी क्रम में जनपद के प्रसिद्ध अलोपी देवी शक्तिपीठ मंदिर में 24 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे प्रयागराज की प्रसिद्ध लोक कलाकार सोनाली चक्रवर्ती व उनके 15 सदस्यीय टीम के द्वारा लोक नृत्य एवं माता की झांकी कार्यक्रम का प्रस्तुतिकरण किया जाएगा। यह जानकारी पाण्डुलिपि अधिकारी व प्रभारी, क्षेत्रीय अभिलेखागार गुलाम सरवर ने दी है।