-पेंट माई सिटी के तहत शहर की तमाम दीवारों पर कराई गई थी खूबसूरत चित्रकारी

-एक साल में उड़ने लगा पेंटिंग का रंग, उखड़ने लगा प्लास्टर

PRAYAGRAJ: कुंभ के दौरान करोड़ों रुपए की लागत से शहर की दीवारों पर किया गया रंग-रोगन धुंधला पड़ने लगा है। कई जगहों पर चित्रकारी फीकी पड़ गई है। कुछ जगहों पर लोगों ने दीवारों पर पोस्टर और बैनर चिपका दिया है। कभी खूबसूरत दिखने वाली दीवारें प्रशासन की अनदेखी के चलते बदहाल हो चुकी हैं। पेंट माई सिटी के क्रिएशन को खराब करने वालों पर एफआईआर का भी प्रावधान है। लेकिन लोगों को इसकी भी कोई परवाह नहीं है

खुरच दी पुल की दीवार

चौफटका पुल की दीवार पर पेंट माई सिटी के तहत देवी-देवताओं के मनमोहक चित्र उकेरे गए थे। लेकिन देखभाल नहरीं होने से दीवारें धीरे-धीरे बदरंग हो चुकी हैं। कहीं पर दीवार को खुरच दिया गया है तो कहीं पर पेंट लगा दिया गया है। फिर भी इधर से रोजाना गुजरने वाले अधिकारियों को दीवार का हाल नजर नहीं आया। जिला मुख्यालय पर ही खूबसूरत रंगों से रंगी गई दीवार पर लोगों ने बैनर-पोस्टर लगा दिए हैं। यही हाल यूनिवर्सिटी और कॉलेजों की आसपास की दीवारों का है। म्योहाल स्टेडियम की दीवार पर खिलाडि़यों के चित्र बने हैं। कुछ लोग इन दीवारों पर मूत्र त्याग भी कर रहे हैं। म्योहाल स्टेडियम के अंदर जिस दीवार पर चित्रकारी हुई है उसका पेंट और प्लास्टर उखड़ने लगा है।

खुद मंत्री ने अधिकारियों को टोका

12 जनवरी को शहर के भ्रमण पर आए नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने खुद शहर की दीवारों के हालात पर टोका था। उन्होंने कहा था कि पेंट माई सिटी के तहत बनाई पेंटिंग्स का ख्याल रखा जाए। यहां पर यह खराब हो गई हैं उनका तत्काल मेंटनेंस किया जाना चाहिए। उन्होंने दीवारों की हालत पर ऐतराज भी जताया था।

करोड़ों की लागत से हुआ था काम

2019 में लगे कुंभ मेले के ठीक पहले शहर की तमाम दीवारों का पेंट माई सिटी प्रोजेक्ट के तहत रंग रोगन कराया गया था। 15 लाख वर्ग मीटर दीवारों पर तकरीबन 20 करोड़ की लागत से पेंटिंग बनाई गई थी। इसमें प्रयागराज के महात्म्य, समुद्रमंथन, कुंभ के आयोजन, पौराणिक महत्व, महापुरुषों आदि पर आधारित पेंटिंग बनाई गई थी। इसके लिए देशभर से कलाकारों को हायर किया गया था।

चौफटका पुल की दीवार को खराब करने वाले आरोपियों के खिलाफ एफआईआर करा दी गई है। बाकी दीवारों का मेंटनेंस वर्क शुरू कराया जा रहा है। पेंटिंग खराब करने वालों को बख्शा नही जाएगा।

-डॉ। आशीष गोयल, कमिश्नर