-प्रतापगढ़ और फतेहपुर का पेशेंट चल रहा था इलाज

-दोनों की प्राइवेट लैब में करायी गयी जांच रिपोर्ट आई पॉजिटिव

-स्वास्थ्य विभाग ने सील किए दोनों हॉस्पिटल के वार्ड, सेनेटाइजेशन के बाद खोले जाएंगे

PRAYAGRAJ: शहर के दो प्राइवेट हॉस्पिटल में शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव केस आने से हड़कंप मच गया। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद दोनों हॉस्पिटल के स्टाफ दहशत में आ गए और आसपास की दुकानें बंद हो गई। आनन-फानन में कोरोना पॉजिटिव मरीज को एसआरएन हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हॉस्पिटल के वार्ड को सील कर मरीज के संपर्क मेंआए स्टाफ की सूची मांगी है। इन सभी को क्वारंटीन कर जांच कराई जानी है।

दस को भर्ती हुई थी महिला

प्रतापगढ़ की रहने वाली 51 साल की महिला दस जून को रामबाग के निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराई गई थी। उसके पेट में दर्द की शिकायत थी। उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था और इस बीच उसका अल्ट्रासाउंड सहित तमाम जांचें की गई। इस दौरान डॉक्टर्स और नर्सेज सहित अन्य स्टाफ उसके संपर्क में आ चुके थे। मरीज के परिजन भी लगातार हॉस्पिटल में आवागमन कर रहे थे। इस बीच उसका सैंपल कोविड जांच के लिए एसआरएल रैनबैक्सी लैब भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पाजिटिव आ गई। इसके बाद स्टाफ के होश उड़ गए। जो लोग मरीज के संपर्क में थे, दहशत में आ गए।

आईसीयू में किया गया था शिफ्ट

11 जून को हालत खराब होने पर मरीज को आईसीयू में शिफ्ट किया गया था। लेकिन यह बात हॉस्पिटल प्रशासन बता नहीं रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। साथ ही हॉस्पिटल से उन सभी लोगों की लिस्ट मांगी है जो इनके संपर्क में थे। इन सभी को क्वारंटीन किया जाएगा। महिला को एसआरएन के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि निजी हॉस्पिटल को सेनेटाइज करने के बाद ही खोला जाएगा।

एक अन्य नर्सिग होम हुआ सील

इसी तरह 44 साल का व्यक्ति हरियाणा के गुड़गांव से लौटा था। उसकी तबियत खराब होने पर 6 जून को जार्जटाउन स्थित एक निजी नर्सिग होम में एडमिट कराया गया था। वह फतेहपुर के मलवां का रहने वाला है। उसकी जांच एसआरएल रैनबैक्सी में भेजी गई थी जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आ गई। इसके बाद हॉस्पिटल का संबंधित वार्ड सील कर दिया गया है। मरीज को एसआरएन भेजा गया है।

दोनों हॉस्पिटल में जो भी डॉक्टर या स्टाफ मरीजों के संपर्क में थे उनकी जानकारी ली जा रही है। सभी को क्वारंटीन किया जाएगा। हॉस्पिटल को सेनेटाइज करने के बाद ही इसके वार्ड को खोलने की परमिशन दी जाएगी।

-डॉ। ऋषि सहाय, नोडल कोविड 19