भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सचिव सिद्धार्थनाथ सिंह ने मानव संसाधन मंत्रालय से बात करने का दिया आश्वासन

ALLAHABAD: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सचिव सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि इविवि कर्मचारियों की सभी मांगे जायज हैं। संयुक्त परिषद की सभी 15 मांगों पर विवि प्रशासन को तुरंत कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर मामले का हल निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंपस की वर्तमान स्थिति पर केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय से बात की जाएगी। यदि विवि अधिकारी हल नहीं निकाल पाते हैं तो मंत्रालय की ओर से आवश्यक कार्यवाही का दबाव डाला जाएगा। श्री सिंह इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में चल रही हड़ताल में कर्मचारियों के समर्थन में पहुंचे थे।

कर्मचारियों की हड़ताल जारी

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में वेडनसडे को भी कर्मचारी हड़ताल पर रहे। मामले में इविवि के जनसम्पर्क अधिकारी प्रो। हर्ष कुमार की ओर से कहा गया कि वेडसनडे को तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों को विवि प्रशासन द्वारा कुलपति कार्यालय में वार्ता हेतु आमंत्रित किया गया था। लेकिन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने विवि प्रशासन को लिखकर दिया कि वार्ता हेतु उनके शिष्टमंडल में छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित मिश्रा को भी सम्मिलित किया जाय।

अराजकता फैलाने का आरोप लगाया

विवि प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों के सम्बन्ध में की जाने वाली वार्ता में किसी छात्र को सम्मलित किये जाने को विधिक रूप से अनुचित बताया है। विवि प्रशासन का कहना है कि वार्ता में कर्मचारी प्रतिनिधियों के न शामिल होने से यह प्रयास विफल रहा। उन्होंने कहा है कि संघ के हठधर्मी एवं असहयोगात्मक रवैये के फलस्वरूप स्पष्ट हो गया है कि कर्मचारी संघ अपनी मांगों के प्रति संवेदनशील नहीं है एवं विवि के कार्यसंचालन को जानबूझकर बाधित कर अराजकता का वातावरण बनाए रखना चाहते हैं। कुलपति वेडनेसडे को प्रात: 11 बजे से सायं 05 बजे तक कर्मचारियों से वार्ता करने की प्रतीक्षा करते रहे।

आए थे समर्थन में, कर गए राजनीति

कर्मचारियों के समर्थन में पहुंचे सिद्धार्थनाथ सिंह ने अपनी राजनीतिक रोटी भी सेंक ली। उन्होंने लखनऊ में हुई आतंकी घटना पर कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति केचलते देश आतंकवादी घटनाओं से जूझ रहा है। अब तो प्रदेश में आइएसआइएस ने भी दस्तक दे दी है, जो दुर्भायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सर नेम के आधार पर कानूनी कार्यवाही की जाती है। अंतिम चरण का प्रदेश का विधानसभा चुनाव बीजेपी के लिये बोनस के समान है। प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बन रही है।