जलस्तर

छतनाग : 74.42 मीटर

नैनी : 74.93 मीटर

फाफामऊ : 78.47 मीटर

खतरे का निशान - 84.73 मीटर

PRAYAGRAJ: गंगा-यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। 24 घंटे के भीतर दोनों नदियों के जलस्तर में 30 सेमी। की वृद्धि दर्ज की गई। रामघाट समेत कई अन्य घाट डूब गए हैं। इसके चलते तीर्थ पुरोहितों के अपने ठीहे पीछे हटाने पड़े हैं। दुकानदारों ने भी अपना बोरिया बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। वहीं किले के पास बने टीले पर पानी कभी भी आ सकता है। खतरे को देखते हुए वहां तैनात जलपुलिस के जवान भी पीछे हट गए हैं।

एक सप्ताह से हो रही बढ़ोत्तरी

पिछले एक सप्ताह से गंगा-यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। अब नदियों का पानी कछारी इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है। राम घाट पानी में डूब गया है। जलपुलिस ने शुक्रवार को छोटा संगम के पास लगी दुकानों को हटवा दिया। साथ ही उधर से वाहनों का आवागमन भी रोक दिया। सभी घाटों पर जल पुलिस के गोताखोरों के साथ ही बाढ़ राहत दल पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। जल पुलिस के प्रभारी कड़ेदीन यादव ने बताया कि इस समय छोटा संगम पर स्नान हो रहा है। यहां नाव से स्नानार्थी पहुंच रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों को लगाया गया है। वाटर स्कूटर से जवान भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। स्टीमर से एनडीआरएफ की टीम भी भ्रमण कर रही हैं।