-दोस्तों संग यमुना में नहाते वक्त डूबने से युवक की मौत, अन्य साथी सुरक्षित

-नैनी के महेवाघाट पर हुई घटना, रायबरेली जिले का निवासी था युवक

PRAYAGRAJ: लॉकडाउन के बाद राजू (20) कुछ दोस्तों के साथ रायबरेली से नैनी शुगर मिल में नौकरी करने आया था। करीब एक माह से सभी यहां काम कर रहे थे। शुक्रवार को सभी ने यमुना में स्नान का प्लान बनाया और रूम से निकल लिए। यमुना में नहाते समय राजू डूब गया। खबर मिली तो फैक्ट्री मैनेजर व पुलिस मौके पर पहुंच गई। बॉडी को पानी से बाहर निकाला गया। घरवालों को सूचना देने के बाद पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

शुगर मिल में करता था काम

लॉकडाउन के वक्त राजू सहित उसके कई दोस्त नौकरी छोड़कर रायबरेली के जोरावगंज असोहा आ गया। बताते हैं कि उसके साथ जिले के ही भवानीगढ़, शिवगढ़ व अनुखेड़ा निवासी सनी, लाला, राम सजीवन, कर्ण, रमेश भी घर आ गए थे। लॉकडाउन के बाद सभी नौकरी की तलाश में जुट गए। लखनऊ दयालपुर निवासी सुदामा नामक ठेकेदार के साथ सभी नैनी आ गए। यहां उन्हें एक शुगर मिल में काम मिल गया। गुरुवार रात सभी ने यमुना स्नान का प्लान बनाए। सुबह करीब आठ बजे से इनकी ड्यूटी थी। लगभग सात बजे सभी स्नान के लिए महेवा यमुना घाट पहुंचे। नहाते वक्त राजू पानी में बहने लगा। यह देख साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। उन्होंने शोर मचाया तो पब्लिक व नाविक जा पहुंचे। जानकारी हुई तो मैनेजर व पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों व नाविकों की मदद से राजू की बॉडी पानी से बाहर निकाली गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दी गई। खबर लिखे जाने तक परिवार के लिए लोग नहीं पहुंच सके थे।

बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पानी से बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी परिवार वालों को दे दी गई है। कंपनी के मैनेजर तो मौजूद थे।

-अजीत सिंह, एग्रीकल्चर चौकी इंचार्ज