-नैनी में हुई घटना, हालत गंभीर, लखनऊ लेकर गए परिजन

allahabad@inext.co.in
PRAYAGRAJ :
बाइक सवार दो बदमाशों ने घर में घुसकर फौजी कन्हैया लाल द्विवेदी (42) को गोली मार दी। मंगलवार सुबह नैनी एरिया में हुई इस घटना को सुनते ही लोग सन्नाटे में आ गए। लथपथ फौजी को गंभीर हालत में एसआरएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। हमला के पीछे चाका एरिया निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर का हाथ बताया जा रहा है। इस प्रॉपर्टी डीलर का कन्हैया के घर आना-जाना था। इस बात का वह आए दिन विरोध किया करता था।

एक गोली पीठ, दूसरी सिर में लगी

कौंधियारा के सीधी गांव के मजरा जारी निवासी कन्हैया लाल द्विवेदी की सीओडी में तैनाती है। करीब दो साल से चाका ब्लॉक के पास गोविंदपुर कॉलोनी में वह मकान बनवा कर रह रहे हैं। बताते हैं कि मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे वह आर्मी कैंटीन से सामान लेते हुए ड्यूटी से घर लौटे। मुख्य गेट पर बेटी रक्षा को सामान का पैकेट थमाकर साइकिल खड़ी करने बरामदे में चले गए। इसी बीच बरामदे में हमलावरों ने पीछे फायरिंग शुरू कर दिया। एक गोली पीठ और दूसरी सिर में जा लगी। गोली लगने से कन्हैया जमीन पर गिर पड़े।

पुलिस ने की पूछताछ

परिवारीजन गोली की आवाज सुन दौड़ पड़े। वह मौके पर पहुंचते इसके पहले हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से जख्मी फौजी को एसआरएन हॉस्पिटल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। यह सुनते ही परिजन उन्हें लेकर लखनऊ चले गए। घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी व अन्य अधिकारियों ने पत्नी गीता से पूछताछ की। कन्हैया की बड़ी बेटी दुर्गा (17), रक्षा (15), बेटा राज (12), सृष्टि (8) हैं। पुलिस ने बच्चों से भी घटनाक्रम की जानकारी ली। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

सीसीटीवी में कैद चेहरा

अफसरों के मुताबिक सीसीटीवी से हमलावरों की तस्वीर साफ हो चुकी है। हमलावर का फौजी के घर आना-जाना था। नैनी में ही उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। बताया जाता है कि कन्हैया ने उसके घर आने को लेकर पुलिस से भी शिकायत की थी।

वर्जन

घटना के बाद की गई पड़ताल में कई एंगल सामने आए हैं। फौजी का पत्नी से विवाद था। इस एंगल पर भी टीम जांच कर रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-दीपेन्द्र नाथ चौधरी, एसपी यमुनापार