प्रयागराज (ब्‍यूरो)। पुलिस ने माफिया अशरफ एण्ड पार्टी पर एक और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने अशरफ के सगे साले मास्टर जैद और सद्दाम की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। ये पहली बार है कि अशरफ के रिश्तेदारों को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। अशरफ का साला मास्टर जैद फरार है और सद्दाम बदायूं जेल में बंद है। पूरामुफ्ती पुलिस सरगर्मी से मास्टर जैद की तलाश कर रही है।

कब्जा कर लिया वक्फ की जमीन
माफिया अशरफ की ससुराल हटवा में है। हटवा के रहने वाले मास्टर जैद की चर्चा तब शुरू हुई जब उसके खिलाफ वक्फ की करीब पचास करोड़ की जमीन कब्जा करने का मुकदमा दर्ज हुआ। इसके पहले मास्टर जैद कहीं भी चर्चा में नहीं था। उसके खिलाफ 2023 में वक्फ बोर्ड की जमीनों के केयर टेकर माबूद अहमद ने केस दर्ज कराया था। इस केस के दर्ज होने के बाद मास्टर जैद चर्चा में आया। एक इंटर कालेज में कर्मचारी रहे मास्टर जैद पर जब जमीन कब्जाने का केस दर्ज हुआ तो वह फरार हो गया। तब से पुलिस उसे तलाश रही है। मास्टर जैद पर छह केस दर्ज है। ये केस 2009 से 2024 के बीच दर्ज किए गए हैं। जैद की हिस्ट्रीशीट नंबर 35 बी है।

अशरफ का साया बनकर रहा
सद्दाम ने जब से होश संभाला वह अशरफ का साया बनकर रहा। एक तरह से अशरफ का मनी मैनेजमेंट सद्दाम ही देखता था। बरेली जेल में बंद रहने के दौरान अशरफ वहां पर किराए पर रहता था। इस दौरान वह जेल में अशरफ की सारी सुविधा व्यवस्था मैनेज करता था। किसी की मुलाकात अशरफ से सद्दाम के जरिए ही होती थी। उमेश पाल हत्याकांड में सद्दाम ने ही आरोपितों की बात और मुलाकात अशरफ से कराई थी। एक तरह से उमेश पाल हत्याकांड साजिश की सारी जानकारी सद्दाम को थी। सद्दाम की हिस्ट्रीशीट का नंबर 34 बी है। सद्दाम पर पंद्रह केस दर्ज हैं। ये केस 2015 से 2023 के बीच दर्ज किए गए हैं।

पूरामुफ्ती थाने में अशरफ के साले सद्दाम और जैद की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। सद्दाम बदांयू जेल में बंद है। जबकि जैद फरार चल रहा है। उसकी तलाश की जा रही है।
वरुण कुमार, एसीपी पूरामुफ्ती