प्रयागराज (ब्‍यूरो)। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मरियाडीह गांव में एक बार फिर माफिया अतीक के गुर्गों ने आतंक मचा दिया। अपना उधार रुपया मांगने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला किया गया। युवक जान बचाकर भागा तो उस पर फायरिंग की गई। गोली युवक की नाक को चीरते हुए निकल गई। गांव वालों ने एक युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पिता ने पांच लोगों को नामजद करते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। आरोपित घर छोड़कर फरार हैं।

पड़ोसी हैं दोनों पक्ष
मरियाडीह गांव में मो.अफसार और अबू सहमा का घर अगल बगल है। अबू सहमा ने मो.अफसार से बीस लाख रुपया कर्ज लिया था। जिसे वह कई दिनों से दे नहीं रहा था। सोमवार सुबह मो.अफसार का बेटा उमर अबू सहमा के घर पहुंच गया। वहां पर अबू सहमा की पत्नी कहकशां और उमर के बीच तूतू मैं मैं हो गई। अचानक बात बिगड़ गई। कहकशां से बात विवाद होते देख उसका बेटा ओसामा आ गया। इसके बाद ओसामा और उमर के बीच विवाद शुरू हो गया। अचानक ओसामा ने उमर पर हमला कर दिया। उमर को कहकशां के घरवालों ने घेर लिया। उमर जान बचाकर भागा तो उस पर फायरिंग की गई। एक गोली उमर की नाक चीरते हुए निकल गई। अचानक फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया। फायरिंग के बाद हमलावर भागे, मगर उमर के घर वालों ने ओसामा को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ओसामा को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कहकशां और उसके भाई को भी पकड़ लिया। अन्य हमलावर फरार हो गए थे। उमर के भाई साहिल ने आरोप लगाया कि उसके भाई को बीस लाख रुपया मांगने पर मारा गया। उस पर जानलेवा हमला किया गया। उमर के पिता ने अबू सहमा, ओसामा, कहकशां समेत दो अन्य को नामजद करते हुए तहरीर दी। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

अबू के भाई ने की थी युवक की हत्या
कुछ महीना पहले मरियाडीह गांव में साहिल की हत्या हुई थी। साहिल को अबू सहमा के भाई मुन्ने और टेना ने अपने भाइयों के साथ मिलकर मारा था। घटनाक्रम के मुताबिक मरियाडीह के रहने वाले साहिल के भाई हारिश और अबू सहमा की बेटी के बीच मोहब्ब्त थी। दोनों के रिश्ते आम हुए तो मुन्ने को यह नागवार गुजरा। मुन्ने ने अपने भाई अबू सहमा को बेटी को हद में रखने और साहिल को कई दफा अपने भाई को समझाने के लिए कहा। मगर बात आगे बढ़ चुकी थी। एक रोज हारिश अबू सहमा की बेटी को लेकर फरार हो गया। दो दिन तक वह दोनों गायब रहे। अबू सहमा रिश्ता करने के लिए राजी हो गया। जिस पर दोनों वापस लौट आए।

निकाह के दूसरे दिन मर्डर
अबू सहमा का भाई मुन्ने माफिया अतीक का गुर्गा है। मुन्ने पूरामुफ्ती थाने का हिस्ट्रीशीट बदमाश है। गांव में मुन्ने से सब दहशत खाते हैं। इस रिश्ते को लेकर मुन्ने और टेना खिलाफ थे। मगर अबू सहमा ने रिश्ता मान लिया। जिस दिन दोनों लौटे उसी दिन बेहद सादगी के साथ हारिश और अबू सहमा की बेटी का निकाह हो गया। हारिश के घर वालों को लगा कि अब तो रिश्ता हो गया, मगर मुन्ने और टेना इस रिश्ते के पूरी तरह खिलाफ थे। निकाह के दूसरे दिन सुबह साहिल कछार की तरफ गया था। वहां पर मुन्ने और टेना ने अपने भाइयों के साथ मिलकर साहिल को गोली मार दी। इस मामले में मुन्ने और टेना दोनों जेल में बंद हैं।

मरियाडीह में युवक पर जानलेवा हमला किया गया। तहरीर में लेनदेन का आरोप लगाया गया है। युवक को उपचार के लिए भेजा गया है। आरोपितों की तलाश चल रही है।
वरुण कुमार, एसीपी पूरामुफ्ती