700

वर्ग गज जमीन को घेरा था फरहान

250

वर्ग गज में इस जमीन पर बना रखा था मकान

30

मुकदमे अकेले धूमनगंज थाने में हैं दर्ज

बगैर नक्शे के बनाया था बम्हरौली में मकान, राजू पाल मर्डर केस से उछला नाम

माफिया अतीक अहमद के एक इशारे कर देता था गोलियों की बौछार

PRAYAGRAJ: माफिया अतीक अहमद गैंग के हार्ड कोर शूटर फरहान के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। बम्हरौली स्थित उसके मकान को पीडीए द्वारा ध्वस्त कर दिया गया। खूंखार शूटर फरहान चर्चित बसपा विधायक राजू पाल मर्डर केस का भी आरोपित है। अतीक अहमद की परछाई कहे जाने वाले फरहान पर दो दर्जन से अधिक मुकदमें हैं। इन मुकदमों में सबसे ज्यादा हत्या, हत्या के प्रयास और लूट व जमीन पर कब्जे जैसे मामले शामिल हैं। धूमनगंज के टॉपटेन अपराधियों में इसका नाम सबसे आगे दर्ज है। इसके जिस मकान पर कार्रवाई की गई, उसे वह बगैर नक्शे के बना रखा था।

परछाई की तरह रहता था अतीक के साथ

फरहान धूमनगंज के मरियाडीह निवासी स्व। अनीस का बेटा और आबिद प्रधान का चचेरा भाई है। आबिद प्रधान अहमदाबाद जेल में गुनाहों की सजा काट रहे माफिया अतीक अहमद का दाहिना हाथ माना जाता था। अतीक को आबिद पर आंख मूंद कर भरोसा था। चचेरे भाई आबिद के नक्शे कदम पर चलते हुए फरहान ने भी अपराध की दुनिया में छलांग लगा दी। लोगों का खून बहाने में माहिर फरहान देखते ही देखते अतीक की परछाई बन बैठा। अतीक के साथ वह हर पल रहता था, फिर वह दाव हो चाहे सियासी बैठकें। हर जगह उसकी उपस्थिति अतीक अहमद के साथ रहती थी। बताते हैं कि माफिया अतीक के संरक्षण में वह कम समय में अच्छी दौलत का व सम्पत्ति का मालिक बन गया। इसके नाम से लोगों के जेहन में सिहरन पैदा हो जाती थी। हालांकि इन दिनों फरहान जेल के अंदर है। पुलिस के मुताबिक उसे 12 दिसंबर 2019 को गिरफ्तार किया गया था।

राजू पाल मर्डर केस से उछला नाम

पुलिस से पता चला है कि बसपा विधायक राजू पाल मर्डर केस में भी फरहान का नाम आया था। इस केस में विधायक रहे राजू पाल की पत्‍‌नी पूजा पाल द्वारा उसे भी नामजद किया गया था। इस घटना के बाद से फरहान चर्चा में आ गया था। इसके नाम की दहशत में इजाफा हुआ तो वह अकूत दौलत की चाहत रखने लगा। जमीन पर कब्जा, मर्डर, लूट, हत्या के प्रयास जैसी घटनाएं इसके लिए आम बातें थीं। चूंकि अतीक अहमद का खास, लिहाजा पीडीए तो दूर पुलिस विभाग तक इस पर हाथ डालने से कराता था। वक्त बदला और शुक्रवार को फरहान के मकान का भी नंबर आ ही गया।

बाक्स

700 वर्ग जमीन 250 में था मकान

अतीक के शूटर फरहान के जिस मकान को पीडीए द्वारा ध्वस्त किया गया वह 250 वर्गगज में बना हुआ था।

उसके द्वारा घेरी गई जमीन का कुल क्षेत्र फल पीडीए द्वारा 700 वर्गगज बताई गई। अफसरों ने कहा कि इस जमीन पर बनाए गए मकान का नक्शा पास नहीं था।

दोपहर करीब 12 बजे से शुरू हुई कार्रवाई शाम तक चली,

जिस मकान को ढहाया गया उसकी कीमत करीब एक करोड़ व पूरी जमीन को लेकर करोड़ों बताई गई।

उसकी कुछ और जमीन के बारे में अधिकारियों को जानकारी मिली है।

जिसे वह कब्जा करके निर्माण करा रखा है, अब इस कब्जे वाली जमीन के दस्तावेज खोजे जा रहे हैं।

नक्शा पास कराये बगैर फरहान द्वारा बनाए गए मकान को ध्वस्त कर दिया गया है। फरहान माफिया अतीक अहमद गैंग का शूटर होने के साथ खुद शातिर अपराधी है। इसके द्वारा कुछ और जमीन पर कब्जा किये जाने की जानकारी मिली है। उसके भी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।

सत शुक्ला,

जोनल अधिकारी पीडीए