प्रयागराज ब्यूरो । ये घटना भी बड़ी अजीबो गरीब है। आखिर इस घटना में किसका कसूर है इसे तय कर पाना बेहद मुश्किल काम है। कहानी शुरु होती है, मोहब्बत से और खत्म होती है हत्या पर। मोहब्बत की इस कहानी में नया मोड़ तब आता है जब प्रेमिका की शादी हो जाती है। प्रेमिका पति के घर चली जाती है, मगर अपने प्रेमी को नहीं भूल पाती है। पति नौकरी पर चला जाए तो प्रेमी घर के अंदर आ जाता था। ऐसा कई साल चला। मगर एक दिन पति को शक हो गया। पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को घर के अंदर पकड़ लिया। पति ने आपा खो दिया और पत्नी के प्रेमी का हत्यारा बन गया। पुलिस ने पति और पत्नी को जेल भेज दिया है।

ये है मामला
गांजा गांव के रहने वाले विकास सिंह और प्रतिभा सिंह के बीच दोस्ती न जाने कब प्यार में बदल गई दोनों को पता ही नहीं चला। कई वर्ष तक दोनों एक दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का ख्वाब पालते रहे। जैसा ही हर प्रेम कहानी में होता कि बात खुल जाती है। ऐसे में विकास और प्रतिभा की प्रेम कहानी भी गांव में चर्चा का विषय बनी। दोनों ने बहुत चाहा मगर घर वाले तैयार नहीं हुए। प्रतिभा की शादी उसके घरवालों ने कर दी। प्रतिभा अपने पति फूल सिंह निवासी ग्राम चंद्रेसन के घर चली गई। दोनों की शादी करीब दस साल पहले हुई।


शादी हो गई पर नहीं छूटी मोहब्बत
प्रतिभा की शादी हो गई, मगर उसकी मोहब्बत नहीं छूटी। शादी के बाद भी प्रतिभा और विकास एक दूसरे के सम्पर्क में रहे। कई साल तक विकास ने शादी नहीं की। मगर करीब छह साल पहले घरवालों के दबाव में उसने भी शादी कर ली। प्रतिभा को दो बच्चे हुए और विकास को एक। चूंकि विकास प्रतिभा के गांव का था, ऐसे में विकास का प्रतिभा के घर आना जाना था। कभी किसी को शक भी नहीं हुआ।

कमरे में मिला पत्नी और उसका प्रेमी
प्रतिभा का पति फूल सिंह गार्ड की नौकरी करता था। वह दोपहर में ड्यूटी पर चला जाए तो रात में लौटता था। इधर कई महीनों से विकास का प्रतिभा के घर आना जाना बढ़ गया था। प्रतिभा भी विकास से अक्सर फोन पर कुछ ज्यादा ही बात करने लगी थी। करीब पंद्रह दिन पहले फूल सिंह को प्रतिभा पर शक हो गया। 31 मई को फूल सिंह की ड्यूटी शाम को थी। उसने पत्नी प्रतिभा को शाम को ड्यूटी पर जाने की बात बताई, मगर गया नहीं। वह घर के बाहर तरफ की सीढ़ी से छत पर चला गया। शाम ढली तो विकास उसके घर आ गया। फूल सिंह ने कुछ देर इंतजार किया, इसके बाद वह नीचे उतरा। फूल सिंह ने दरवाजा खटखटाया। इस पर पत्नी प्रतिभा ने पूछा कौन है। जब कौन है का जवाब फूल सिंह ने दिया तो प्रतिभा के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने समझ लिया कि अब कहानी खत्म है। कुछ देर तक इंतजार के बाद फूल सिंह ने लगातार दरवाजा पीटना शुरू किया तो प्रेमी ने धमकी दे दी।

बच्चों को मारने की दी धमकी
अंदर बंद विकास ने फूल सिंह को धमकी दिया कि अगर वह उसे जाने दे वरना वह उसके बच्चों को मार देगा। इस पर फूल सिंह का खून खौल उठा। फूल सिंह ने बाहर से दरवाजा बंद कर लिया इसके बाद शांत छत पर बैठ गया। रात गहराई तो वह नीचे उतरा। इसके बाद उसने फिर से दरवाजा खटखटाया। इस बार प्रतिभा ने दरवाजा खोल दिया।

गला कसकर मार दिया
फूल सिंह अंदर पहुंच गया। अंदर विकास मौजूद था। काफी देर तक दोनों में बातचीत होती रही। इसके बाद फूल सिंह विकास की हाथापाई शुरू हो गई। फूल सिंह भारी पड़ गया। उसने विकास को गला घोंटकर मार दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक विकास की मौत गला कसने से हुई है। घटना के बाद पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था।

पूछताछ में टूट गया फूल सिंह
घर के अंदर से विकास की बॉडी मिलने पर पुलिस को यकीन था कि मामला कुछ तो गड़बड़ है। पुलिस ने फूल सिंह और उसकी पत्नी प्रतिभा से पूछताछ की। इस पर सारा राज खुल गया। पुलिस ने फूल सिंह और उसकी पत्नी प्रतिभा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।


विकास फूल सिंह के घर अक्सर आता जाता था। विकास की हत्या अवैध संबंध को लेकर की गई है। मामले में आरोपित फूल सिंह और उसकी पत्नी प्रतिभा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
अरुण सिंह, इंस्पेक्टर एयरपोर्ट थाना