प्रयागराज (ब्‍यूरो)। शनिवार रात एक युवक की कीडगंज में हत्या कर दी गई। युवक को लाठी डंडों से पीटा गया। युवक अपने ससुराल आया था। वह सड़क पर था। तभी पुरानी दुश्मनी में उसे घेर कर हमलावरों ने लाठी डंडे से वार कर दिया। युवक ने खुद को बचाने का प्रयास किया, मगर उसकी कोई हिकमत काम नहीं नहीं आई। वह जान बख्श देने के लिए शोर मचाता रहा लेकिन कोई मदद उसे न मिल सकी। रात में ही उसे एसआरएन हास्पिटल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों की तहरीर पर कई युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। कीडगंज पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

ये है मामला
अरैल नैनी का रहने वाला आशू निषाद बाइक मकैनिक था। उसकी ससुराल कीडगंज के बारह खंभा मोहल्ला में है। वह अपनी ससुराल आया था। ससुराल में रुकने के बाद रात में वह बाहर घूमने निकल गया। मोहल्ले में वह घूम रहा था। तभी कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आशू और युवकों में बातचीत होने लगी। कुछ देर में गाली गलौच शुरू हो गई। शोरगुल सुनकर मोहल्ले के लोग इक_ा हो गए। मगर किसी ने भी बीच बचाव की हिम्मत नहीं दिखाई। आशू पर लाठी डंडे सेे हमला कर दिया गया।

बचाव के लिए लगाता रहा गुहार
आशू को हमलावर घेरकर लाठी डंडा से पीटने लगे। आशू ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की, मगर उसे सड़क पर गिराकर पीटा गया। हमलावरों ने उसे इस कदर पीटा की वह गंभीर रूप से चोटहिल हो गया। उसे शरीर में कई जगह गंभीर चोट आई। हमलावरों ने उसे तब तक पीटा जब तक अधमरा नहीं हो गया। आशू बेसुध हो गया तब हमलावर उसे पीटना छोड़कर भाग निकले।

हमलावरों से पुरानी दुश्मनी
आशू पर हुए हमले में एक आरोपित पीयूष निषाद है। आशू और पीयूष के बीच पुरानी दुश्मनी की बात सामने आई है। पता चला है कि कुछ दिनों पहले आशू और पीयूष पक्ष के एक युवक के बीच मारपीट हुई थी। जिस पर आशू ने युवक पर चाकू से वार कर दिया था। इस पर आशू के खिलाफ कीडगंज थाने में केस दर्ज किया गया था। इस बात को लेकर पीयूष निषाद आशू से दुश्मनी रखने लगा था। पुलिस के मुताबिक इसी मामले को लेकर आशू पर हमला किया गया है। कुछ लोगों पर आशू समझौते के लिए दबाव बना रहा था, मगर बात नहीं बनी, इस दौरान आशू पर हमला हो गया और उसकी जान चली गई।

देर हो गई अस्पताल पहुंचाने में
शायद आशू को सही समय पर उपचार मिल जाता तो उसकी जान बच जाती। मगर ऐसा हो नहीं सका। हमले में आशू निषाद गंभीर रूप से घायल हो गया। जब तक उसकी ससुराल वाले पहुंचते हमलावर भाग चुके थे। आननफानन में आशू को उसके ससुराल वाले एसआरएन अस्पताल ले गए। मगर अस्पताल ले जाने में देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया मगर आशू की मौत हो गई।

पिता ने दर्ज कराया केस
आशू के पिता विनोद कुमार ने बाहर खंभा मोहल्ला के रहने वाले पीयूष निषाद, सौरभ, सत्यम, सानू, बृजेश, कल्लू और रवि के खिलाफ केस दर्ज कराया है। घटना के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों के घर दबिश दी, मगर कोई पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक हमलावर आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।

आशू ने कुछ दिनों पूर्व एक युवक पर हमला किया था। जिस पर आशू के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। इसी मामले को लेकर उस पर हमला किए जाने की आशंका है। आशू के पिता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। आरोपितों के पकड़े जाने के बाद घटना का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
दीपा सिंह, थाना प्रभारी कीडगंज