लग्जरी बस से परिवार के साथ लखनऊ के लिए होंगे रवाना

शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करेंगे मुलाकात

ALLAHABAD: निकाय चुनाव में भारी मतों के साथ भाजपा की महापौर प्रत्याशी अभिलाषा गुप्ता नंदी को विजयी बनाने वाले रणनीतिकारों, भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ ही नव निर्वाचित पार्षदों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की ओर से ग्रैंड सेलिब्रेशन पार्टी का आयोजन 29 दिसंबर को किया गया है। कैबिनेट मंत्री की ग्रैंड सेलिब्रेशन पार्टी इलाहाबाद में नहीं बल्कि लखनऊ के आनंदी रिसॉर्ट में होगी।

12 बसों की हुई व्यवस्था

इसमें शामिल होने के लिए भाजपा के नव निर्वाचित सभी 22 पार्षद परिवार के साथ, भारतीय जनता पार्टी इलाहाबाद महानगर के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री नौ मंडल से 18-18 पदाधिकारी, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा पदाधिकारी शामिल होंगे। सेलिब्रेशन पार्टी में शामिल होने के लिए 12 लग्जरी बसों से सभी लोग शुक्रवार की सुबह आठ बजे इलाहाबाद से रवाना होंगे।

मंत्री व मेयर भी होंगी साथ

बटोही में ब्रेकफास्ट के बाद दोपहर एक बजे आनंदी रिजार्ट पहुंचेंगे। वहां दोपहर में लंच के बाद शाम को अभिनंदन समारोह और ग्रैंड सेलिब्रेशन पार्टी में शामिल होंगे। रिजार्ट में आराम करने के बाद सभी लोग अगले दिन पांच कालीदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। इसके बाद इलाहाबाद के लिए रवाना हो जाएंगे। इलाहाबाद से लखनऊ जाते समय महापौर अभिलाषा गुप्ता के साथ ही कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी बस में ही पार्षदों के साथ सफर करेंगे।