प्रयागराज ब्‍यूरो। आखिर इलाहाबाद संसदीय सीट से क्यों चुनाव हार गई भाजपा? ऐसा क्या फैक्टर चला कि 2022 में करछना से विधानसभा चुनाव हारने वाले उज्जवल रमण सिंह ने एक झटके में भाजपा के पाले से यह सीट छीन ली। वह भी तब जब लगातार दो बार से इस सीट पर भाजपा के ही सांसद विराजमान थे। पार्टी में कद्दावर नेताओं की कमी नही थी। इस सीट से टिकट के लिए कई नाम लाइन पर थे। लेकिन भाजपा ने अचानक एक नए चेहरे को टिकट देकर सभी को चौंका दिया। क्या पार्टी का यह निर्णय भाजपा की हार का कारण बना या आपसी भितरघात नीरज त्रिपाठी को ले डूबी।

नहीं लग पाई हैट्रिक
वर्ष 2014 में इस सीट से भाजपा के श्यामाचरण गुप्ता और फिर 2019 में डॉॅ रीता जोशी सांसद रहीं। इस बार पार्टी नेतृत्व ने उनका टिकट काटकर पूर्व राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी के बेटे नीरज त्रिपाठी पर भरोसा जताया था। राजनीति के क्षेत्र में नीरज एकदम नए खिलाड़ी थे और अपने पिता की राजनीतिक विरासत को नही संभाल सके। इसके साथ भाजपा का इस सीट पर हैट्रिक लगाने का सपना भी अधूरा रह गया। यह भी जाना जा रहा है कि कई बड़े लोकल नेता इस सीट पर खुद टिकट की मांग कर रहे थे या अपने सगे संबंधियों को दिलाना चाहते थे। उनकी हसरत पूरी नही होने पर यह सीट आपसी भितरघात का शिकार हो गई।

पुराने खिलाड़ी हैं उज्जवल रमण
दूसरी ओर इस सीट पर चुनाव जीतने वाले इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी उज्जवल रमण राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी हैं। उनके पिता रेवती रमण सिंह खुद सपा से दो बार इस सीट पर सांसद रह चुके हैं। वही उज्जवल रमण करछना से दो बार विधायक भी रह चुके हैं। 2022 में वह करछना से विधानसभा चुनाव हार गए थे, बावजूद इसके उन्होंने सांसद का टिकट लेकर भाजपा प्रत्याशी को 58 हजार से अधिक मतों से शिकस्त दी। उनकी जीत का सबसे बडा फैक्टर सपा और कांग्रेस का गठबंधन भी रहा।

पिता की हार को जीत में बदला
बता दें कि 1984 में इसी सीट पर बालीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने हेमवती नंदन बहुगुणा को पौने दो लाख वोटों से हराया था। यह काफी बड़ी जीत थी। इसके बाद 2019 में उनकी बेटी डॉ। रीता जोशी ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा और इस सीट पर बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद कांग्रेस के टिकट से उज्जवल रमण ने भाजपा के नीरज त्रिपाठी को हराकर पुन: यह सीट चालीस साल बाद कांग्रेस की झोली में डाल दी है।

किसको मिले कितने वोट
उज्जवल रमण सिंह कांग्रेस- 462145
नीरज त्रिपाठी भाजपा- 403350
रमेश पटेल बसपा- 49144