प्रयागराज (ब्‍यूरो)। कोखराज हंडिया हाइवे पर पुलिस पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ का लाइव सीन सैकड़ों लोगों ने अपनी आंख से देखा। थरवई पुलिस के ऊपर बम से हमला किया गया। पुलिस टीम पर दो बम फेंका गया, जिससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने घेराबंदी की तो दो पशु तस्कर पकड़ लिए गए। घटना थरवई एरिया में मंगलवार सुबह की है। पशु तस्कर कंटेनर में 34 जानवर बिहार ले जा रहे थे। थरवई पुलिस ने कंटेनर रोकने की कोशिश तो पशु तस्करों ने बम से हमला किया। दो पशु तस्कर मौके से भाग निकले। पकड़े गए पशु तस्करों के पास से सात बम बरामद किए गए हैं। मौके पर कई थानों की फोर्स पहुंच गई।

ये है मामला
हंडिया कोखराज हाइवे से एक कंटेनर में पशुओं को बंद करके ले जाया जा रहा था। कंटेनर कानपुर से बिहार जा रहा था। इसकी मुखबिरी थरवई पुलिस को लगी। पुलिस टीम ने हाइवे पर डेरा गदाई गांव के पास घेराबंदी की। कंटेनर जैसे ही पास पहुंचा पुलिस टीम हाइवे पर उतर गई। पुलिस ने कंटेनर को रुकने का इशारा किया मगर दांव उल्टा पड़ गया। कंटेनर के अंदर से बमबाजी शुरू कर दी। पुलिस दिन दहाड़े इस तरह हमले की उम्मीद नहीं थी। पुलिस कर्मी जान बचाकर भाग निकले। इसके बाद सूचना पाकर कई थानों की फोर्स घटना स्थल के लिए दौड़ पड़ी। कंटेनर का थरवई पुलिस ने पीछा कर लिया। कुछ आगे जाकर कंटेनर रुक गया। उसमें से दो पशु तस्कर भाग निकले। कंटेनर खड़ा रहा। थरवई पुलिस की हिम्मत कंटेनर तक जाने की नहीं पड़ी। पुलिस पर बम से हमले की सूचना से हड़कंप मच गया।

पुलिस फोर्स का करती रही इंतजार
थरवई पुलिस फोर्स आने का इंतजार करती रही। मौके पर सबसे पहले फाफामऊ थाना प्रभारी प्रवीण गौतम पहुंचे। इसके बाद हंडिया, सरायइनायत, नवाबगंज और सोरांव की पुलिस पहुंची। पर्याप्त फोर्स हो जाने के बाद पुलिस टीम ने कंटेनर की घेराबंदी की। कंटेनर के अंदर से पुलिस ने दो पशु तस्करों को पकड़ लिया। पकड़े गए पशु तस्कर का नाम यमन निवासी टांडा जिला रामपुर और कल्लू निवासी रावतपुर जिला शाहजहांपुर है। कंटेनर से सात बम बरामद किया गया है। कंटेनर खोलकर देखा गया तो 33 जानवर मिले। एक गाय की मौत हो चुकी थी।

मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर से जानवरों को ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस टीम ने डेरा गदाई गांव के पास हाइवे पर घेराबंदी की। पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर बम से हमला कर दिया। इसके बाद कई थानों की फोर्स पहुंची तो दो पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। सात बम बरामद किया गया है।
अरविंद गौतम, थाना प्रभारी थरवई