प्रयागराज (ब्‍यूरो)। इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रोग्राम में अतिथि वक्ता वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ निमिष अग्रवाल ने कहा कि अस्थियां शरीर को संरचना प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। शरीर के विभिन्न अंगों की रक्षा करना, मांसपेशियों को ठीक करना और कैल्शियम का भंडारण करना अस्थियों के अन्य प्रमुख कार्य हैं। अधिकांश लोग 30 साल के आसपास अपने चरम अस्थि द्रव्यमान तक पहुंचते हैं। 45 वर्ष की उम्र के बाद अस्थिक्षरण या ऑस्टियोपोरोसिस से बचाव लिए हड्डियों की विशेष देखभाल जरूरी होती है। हमें आहार और शारीर में कैल्शियम की मात्रा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। शारीरिक व्यायाम नियमित रूप से करना अनिवार्य है।

कैल्शियम की डाइट प्रतिदिन जरूरी
शरीर में कैल्शियम के अवशोषण के लिए विटामिन डी आवश्यक है। डॉ निमिष अग्रवाल ने बताया कि कैल्शियम का सेवन प्रति दिन 1000 मिलीग्राम से 1200 मिलीग्राम होना चाहिए। कैल्शियम के प्रभावी अवशोषण के लिए शरीर को 600 आईयू से 800 आईयू विटामिन डी की भी आवश्यकता होती है। नियमित रूप से व्यायाम अनिवार्य है। शराब एवं तम्बाकू का सेवन बहुत अधिक हानिकारक है। प्रश्नोत्तर सत्र में डॉ निमिष अग्रवाल ने सदस्यों की समस्याओं का समाधान किया और मिथ्या धारणा दूर की। इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि प्रकाश ने डॉ निमिष अग्रवाल को स्मृति चिह्न भेंट किया और पीआरओ डॉ। शान्ति चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। जीके खरे, डीयू गुप्ता, ओपी गोयल, राजीव महेश्वरी, राकेश अग्रवाल, अपूर्व आगा, आलोक साह समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।