प्रयागराज ब्यूरो । एक मासूम की हत्या कर दी गई। घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के हल्दीकला की है। मासूम बुधवार शाम से लापता था। कई घंटे तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो रात में ही परिजन थाने पहुंचे। थानेदार ने शिकायत के बाद मासूम के अपहरण का केस दर्ज कर लिया था। पुलिस ने रात में मासूम के तलाश की कोशिश की। मगर उसका पता नहीं चला। गुरुवार सुबह मासूम की बॉडी उसके घर के पास एक खंडहर में मिली। परिजन रोने बिलखने लगे। मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस पहुंच गई। डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने भी जांच की। शक के आधार पर हल्दीकला से चार लड़कों को उठाया गया है। हत्या का कारण साफ नहीं हो सका है। पुलिस कारण जानने के लिए उठाए गए लड़कों से पूछताछ कर रही है। घटना से हल्दीकला में तनाव का माहौल है।

घर से खेलने के लिए निकला था
हल्दीकला के रहने वाले कामरान ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। कामरान के दो बेटों में छोटा छह वर्षीय तमीम कक्षा एक का छात्र था। वह पास के ही स्कूल में पढ़ता था। बुधवार को करीब चार बजे वह अपने घर से खेलने के लिए निकला। मगर वह लौटा नहीं। शाम छह बजे मां नवसीन उसे तलाशने लगी। मगर उसका कोई पता नहीं चला। आसपास के बच्चों से नवसीन ने तमीम के बारे में पूछा। इस पर बच्चों ने बताया कि वह साथ में खेल रहा था। वह वह कहां चला गया यह बच्चे नहीं बता पाए।
पुलिस से की शिकायत
रात में करीब नौ बजे कामरान अपने परिचितों के साथ थाने पहुंचा। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने कामरान से उसकी किसी से दुश्मनी के बारे में जानकारी ली। मगर कामरान ने इससे इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने तमीम के अपहरण का केस दर्ज कर लिया। थानेदार महेश मिश्रा ने तमीम की खोज बीन के लिए पुलिस टीम लगाई। मगर देररात तक उसका कोई पता नहीं लगा।

खंडहर में मिली खून से लथपथ बॉडी
कामरान के घर के पास एक पुराना मकान है जो ढह चुका है। उधर जल्दी कोई आता जाता नहीं है। सुबह गांव के लोग उधर से गुजरे से कुत्तों का झुंड देखा। इस पर लोगों को शक हुआ। अंदर की ओर जाकर देखा तो वहां तमीम की बॉडी पड़ी थी। हल्ला मचा तो मां नवसीन को घटना की जानकारी हुई। यह बात करीब नौ बजे की है। देखते ही देखते तमीम के मर्डर की बात पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। मां नवसीन और बड़ा बेटा तनवीर मौके पर पहुंचे। रात भर बेटे की तड़प में रोई नवसीन बेटे की बॉडी देखकर दहाड़ मारकर रोने लगी। कुछ ही देर में थानेदार महेश मिश्रा फोर्स के साथ पहुंच गए। डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम बुलाई गई। डीसीपी यमुनानगर अभिनव त्यागी भी पहुंच गए। तमीम के सिर पर चोट के निशान थे। पास में ही खून लगी ईंट पड़ी मिली् जिस पर अंदेशा जताया गया है कि तमीम को सिर में ईंट से वार करके मारा गया है।


कोई दुश्मनी नहीं, फिर किसने मारा
तमीम की बॉडी मिलने के बाद पुलिस ने एक बार फिर पिता कामरान से उसकी दुश्मनी के बारे में पूछा। मगर रो बिलख रहे कामरान ने किसी दुश्मनी से इंकार कर दिया। उसके कहा कि वह रोज कमाने खाने वाला व्यक्ति है। उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है।

गलत काम करने वालों पर शक
पुलिस को दोपहर में जानकारी मिली कि खंडहर में शाम को कुछ लड़के इक_ा होते हैं। जोकि गलत काम करते हैं। हो सकता है कि तमीम ने लड़कों को गलत काम करते हुए देख लिया हो, जिस पर राज खुल जाने के डर से उसका मर्डर कर दिया गया हो। इस पर पुलिस ने चार लड़कों को उठा लिया। चारों को थाने पर रखकर पूछताछ की जा रही है।


वरना आ जाते कार्रवाई की जद में
औद्योगिक थाना पुलिस के लिए अच्छी बात ये रही कि उसने कामरान की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज कर लिया। जैसा की पुलिस आमतौर पर गुमशुदगी के मामलों में केस दर्ज करने में टालमटोल करती है। ऐसे में अगर पुलिस ने इस मामले में भी टालमटोल की होती तो मर्डर का मामला सामने आने पर औद्योगिक थाने की पुलिस पर सख्त कार्रवाई की तलवार लटक जाती।


बच्चे की हत्या सिर पर वजनी वस्तु के प्रहार से की गई है। उसके पिता ने अपनी किसी दुश्मनी को लेकर शक जाहिर नहीं किया है। कई तथ्य घटना को लेकर सामने आए हैं। पुलिस तेजी से पड़ताल कर रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
अभिनव त्यागी, डीसीपी यमुनानगर