प्रयागराज (ब्‍यूरो)। सोमवार शाम को लोक सेवा आयोग चौराहे के पास एक अनियंत्रित प्राइवेट बस ने दूल्हे की कार में टक्कर मार दी। इसके बाद अनियंत्रित बस ने एक बाइक सवार और रोडवेज बस को भी टक्कर मार दी। घटना से दूल्हे की कार के पास खड़ी चार महिलाएं और एक लड़का घायल हो गए। बाइक सवार को भी चोट आई। घटना के बाद प्राइवेट बस चालक फरार हो गया। गुस्साए बरातियों ने प्राइवेट बस का शीशा तोड़ दिया। सूचना पर सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। घटना से चौराहे पर जाम लग गया। सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों बसों को हटवाया,

अनियंत्रित हो गई प्राइवेट बस
लोकसेवा आयोग पर नैनी से आई बारात को जलपान कराया जा रहा था। चौराहा के पास सड़क किनारे दूल्हा राज पांडेय बैठा था। कार के आगे परिवार की महिलाएं और लड़कियां खड़ी थीं। अचानक सिविल लाइंस की तरफ से आ रही प्राइवेट बस अनियंत्रित हो गई। प्राइवेट बस ने दूल्हे की कार में जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे कार के आगे खड़ी महिलाएं और लड़कियां घायल हो गईं। दूल्हे की कार में टक्कर मारने के बाद प्राइवेट बस ने चौराहे पर एक बाइक सवार को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद सामने से आ रही रोडवेज बस में टक्कर मार दी। घटना से चौराहे पर अफरातफरी मच गई। प्राइवेट बस चालक मौका पाकर फरार हो गया। गुस्साए बारातियों ने प्राइवेट बस का खिड़की का शीशा तोड़ दिया। घायलों को पास के अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। सूचना पाकर सिविल लाइंस पुलिस पहुंच गई। घटना से चौराहे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर दोनों बसों को चौराहे से हटवाया। इसके बाद जाम खत्म हुआ।

रोडवेज बस में मची अफरातफरी
लोकसेवा आयोग चौराहे पर रोडवेज और प्राइवेट बस में आमने सामने की टक्कर हुई। ये तो गनीमत रही कि रोडवेज के चालक ने ब्रेक लगा दी थी, वरना तेज रफ्तार होती तो बस में सवार कई यात्रियों को गंभीर चोटें आती। अचानक रोडवेज चालक ने ब्रेक लगा दी। तब तक प्राइवेट बस सामने से रोडवेज बस में टक्कर मार चुकी थी। टक्कर लगते ही रोडवेज बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। राहत की बात रही कि रोडवेज बस सवार यात्रियों को ज्यादा चोट नहीं आई। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्राइवेट बस में यात्री नहीं थे।