प्रयागराज (ब्यूरो)यातायात विभाग एक्टिव मोड में आ गया है। ऐसे में मुमकिन है कि शहरियों को ई रिक्शा की अराजकता से छुटकारा मिल जाए। गुरुवार को यातायात विभाग ने ई रिक्शा वालों की अराजकता के खिलाफ अभियान शुरू किया। यातायात विभाग ने ये कार्रवाई दैनिक जागरण आईनेक्स्ट में लगातार ई रिक्शा की अराजकता को लेकर छपी खबरों को संज्ञान में लेकर किया है। अभियान के पहले दिन यातायात विभाग ने 62 ई रिक्शा का चालान काटा है। एक दिन में इतने चालान कटने से ई रिक्शा चालकों में हड़कंप मचा रहा। यातायात विभाग का कहना है कि अभियान चलता रहेगा।

ये है मामला
ई रिक्शा चालकों की मनमानी शहरियों से छिपी नहीं है। ई रिक्शा चालकों की अराजकता खुली आंखों से सड़क से लेकर किसी भी चौराहे पर देखी जा सकती है। अराजकता का आलम ये है कि ई रिक्शा चालक कहीं भी ब्रेक लगा देते हैं। चौराहे पर कहीं भी ई रिक्शा पार्क कर देते हैं। फिर चाहे जाम लग जाए या फिर किसी का एक्सीडेंट हो जाए। उनकी बला से।

युवक की चली गई जान
नैनी पुल पर एक ई रिक्शा चालक ने बाइक सवार युवक की जान ले ली। ई रिक्शा चालक ने नैनी पुल पर अचानक यू टर्न ले लिया। जिससे पीछे की तरफ से आ रहा बाइक सवार अनियंत्रित हो गया। युवक ने ब्रेक लगाई। जिससे बाइक फिसल गई। युवक चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ा। उसके सिर में गंभीर चोट आई। युवक की मौत हो गई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। इस घटना को लेकर दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने कई दिनों तक खबर प्रकाशित की। जिसका असर रहा कि यातायात विभाग की नींद टूटी।

ई रिक्शा के खिलाफ अभियान
यातायात विभाग ने गुरुवार को ई रिक्शा के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। तेलियरगंज, कचहरी, मिश्राभवन चौराहा सिविल लाइंस, मेेडिकल चौराहा, अलोपीबाग चौरहा समेत कई चौराहों पर अचानक सुबह से ही ई रिक्शा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की चेकिंग शुरू कर दी गई। तमाम ई रिक्शा चालक ड्राइविंग लाइसेंस नहीं दिखा सके। इसी के साथ रोड पर गलत पार्किंग और नंबर प्लेट को लेकर 62 ई रिक्शा चालकों का चालान काटा गया।

दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने जनहित में खबरें प्रकाशित की हैं। खबरों को संज्ञान में लेकर ई रिक्शा के खिलाफ गुरुवार को अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन 62 ई रिक्शा चालकों का चालान काटा गया है। यदि ई रिक्शा चालकों ने सुधार नहीं किया तो अभियान आगे भी चलेगा। ई रिक्शा चालकों को सख्ती से यातायात नियमों का पालन कराया जाएगा।
अमित सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर यातायात विभाग