प्रयागराज ब्यूरो । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस)- 2023 की मुख्य परीक्षा तीसरे दिन दो पाली में हुई। प्रयागराज और लखनऊ में चार- चार केंद्रों पर दो पाली में लिखित परीक्षा कराई गई। इसमें उपस्थति करीब 95 प्रतिशत रही। दोनों प्रश्न पत्र दो-दो सौ अंकों के थे। प्रत्येक प्रश्न पत्र में लघु और दीर्घ उत्तरीय 20-20 प्रश्न थे। शुक्रवार को यूपी विशेष के दो प्रश्न पत्र होंगे। उसी के साथ ही मुख्य परीक्षा का समापन हो जाएगा।

सरकार के बजट बनाने की प्रक्रिया क्या है

परीक्षा के तीसरे दिन आर्थिक नियोजन और नीतियां, सतत विकास के लक्ष्य, गरीबी, बेरोजगारी, सरकार के बजट, खाद्य प्रसंस्करण, विज्ञान प्रौद्योगिकी, उदारीकरण, साइबर सुरक्षा, सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी, नीति शास्त्र, सिविल सेवा के मूल्य, शासन व्यवस्था आदि के प्रश्न पूछे गए। सुबह की पाली में पूछा गया कि भारत और विश्व में मीडिया से क्या सकारात्मक और नकारात्मक परिवर्तन हुए हैं? राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा में मीडिया का क्या योगदान है? अवैध धन स्थानांतरण देश की आर्थिक प्रभुसत्ता के लिए गंभीर खतरा है। सूचना और संचार प्रौद्योगिकी ने ज्यादा चुनौतीपूर्ण बना दिया है, व्याख्या कीजिए। पूछा गया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली ने सिद्ध किया है कि वह वर्षों से कीमतों के स्थिरीकरण और उपभोक्ता की पहुंच वाली कीमतों पर खाद्यान्न उपलब्ध करवाने में सरकार की नीतियों का सबसे महत्वपूर्ण अस्त्र है, कथन की व्याख्या कीजिए। भारत सरकार के बजट बनाने की प्रक्रिया और योजना एवं गैर योजना व्यय के अंतर पूछा गया। दूसरे प्रश्न पत्र में सिविल सेवक के नीति निर्देशों से ज्यादा प्रश्न पूछे गए।

पूछे गए यह प्रश्न

- क्या भगवतगीता लोकसेवकों की नैतिक मार्गदर्शिका हो सकती है?

- सिविल सेवकों के बीच उदारता और वस्तुनिष्ठता को कैसे बढ़ाया जा सकता है?

- सुशासन और प्रशासन के लिए संवेगात्मक बुद्धि की भूमिका की व्याख्या कीजिए।

- नीति आयोग के प्रमुख उद्देश्य बताइए। सिद्धांत और कार्य किस प्रकार योजना आयोग से भिन्न है।

- समावेशी विकास की अवधारण समझाइए। भारत में समावेशी विकास के क्या मुद्दे और चुनौतियां हैं?

-खाद्य प्रसंस्करण और संबंधित उद्योगों को प्रोत्साहन देने के संबंध में सरकार की नीतियों का मूल्यांकन कीजिए।

-किसानों की सहायता के लिए ई तकनीक के प्रयोग के निहितार्थ को समझाइए।

- आणविक प्रसार के मुद्दे पर भारत का दृष्टिकोण क्या है?

- सिविल सेवा के संदर्भ में सेवा भाव और दृढ़ विश्वास का साहस की प्रासंगिकता का परीक्षण कीजिए।

- नीतिशास्त्र में मानव कर्म से क्या तात्पर्य है? मानवकर्म में नैतिकता के निर्धारक और परिणाम की विवेचना कीजिए।

- सोशल मीडिया का उपयोग जनता की राय को सकारात्मक या नकारात्मक तरीके से प्रभावित करने के लिए किया जाता है। एक लोकसेवक होने के नाते आप इस मुद्दे का समाधान कैसे करेंगे?

- भारत में भूमि सुधारों के क्रियान्वयन में प्रमुख चुनौतियां कौन सी हैं?

- एक देश के आर्थिक विकास में आधारभूत संरचना महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, विवेचना कीजिए।

- ब्लड मून किसे कहते हैं? यह कब होता है?

- चंद्रयान- 3 के प्रमुख उद्देश्य क्या हैं?

- साइबर अपराधों से देश की सुरक्षा को बड़ा खतरा है। इन अपराधों से देश को कैसे बचाया जा सकता है।